bhaskar Web English
HomeNewsPunjabJalandhar Jalandhar

मां के प्रेमी ने की पुनीत की हत्या

जालंधर/कपूरथला. एनआरआई सुखविंदरपाल सिंह के बेटे पुनीत की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई है। हत्यारा और कोई नहीं पुनीत की मां का प्रेमी मनबीर है जिसने इस संबंध का राज खुलने के डर से इस घटना को अंजाम दिया था।

मनबीर ने रविवार को एक निजी चैनल के समक्ष कबूल किया कि उसने ही अपहरण के बाद पुनीत को ठिकाने लगा दिया। उसे करतारपुर पुलिस ने कार चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद ही हत्या का खुलासा हुआ।

आरोपी ने जब बताया कि वह कपूरथला में एसपीओ है तो करतार पुलिस ने उसके बारे में वहां से जानकारी मांगी। खुलासा हुआ कि बच्चे के अपहरण मामले में कपूरथला पुलिस को उसकी तलाश है।

आरोपी से पूछताछ के बाद पुलिस ने बच्चे का शव कांजली झील से बरामद कर लिया। मनबीर ने एक निजी चैनल के समक्ष कबूल किया कि उसके बरजिंदर कौर से अवैध संबंध थे। बच्चों ने कुछ दिन पहले दोनों को संदिग्ध हालत में देख लिया था। मामले को दबाने के लिए उसने पहले बच्ची की हत्या का प्रयास किया और उसके बाद बच्चे का अपहरण कर उसे मौत के घाट उतार दिया।

यूं बढ़ी नजदीकियां
सुखविंदरपाल और मनबीर के बीच गहरी दोस्ती थी जिस कारण वह उनके घर आता जाता था। सुखविंदर करीब पांच वर्ष पहले स्पेन चला गया था। इस दौरान मनबीर और बरजिंदर काफी नजदीक आ गए। कुछ दिन पहले बच्चों ने दोनों को संदिग्ध हालत में देख लिया था।

इसका भंडाफोड़ होने का डर दोनों को सताता रहा। इसलिए उसने दोनों ने बच्चों को ठिकाने लगाने का प्लान बना लिया। शुक्रवार शाम मनबीर नशे में धुत होकर बरजिंदर के घर पहुंचा। सबसे पहले मनबीर ने बच्ची का गला दबाया और उसे उठाकर जमीन पर पटक दिया और पुनीत पाल को उठाकर फरार हो गया। कांजली झील ले जाकर उसकी हत्या कर दी।

क्या चीख नहीं सुनी बरजिंदर ने
अपहरण के बाद बरजिंदर ने पुलिस को केवल यही बयान दिया था कि उसे नहीं पता कि कौन पुनीत को उठाकर ले गया है। इसके बाद बेटी के माध्यम से उसे पता चला कि पुनीत को मनबीर उठाकर ले गया है। सवाल उठता है कि जब मनबीर ने बच्ची का गला दबाया तो रसोई में काम कर रही बरजिंदर उसकी चीख सुनकर बाहर क्यों नहीं निकली। एसएचओ ने कहा कि मामले में मनबीर के साथ बरजिंदर शामिल है या नहीं यह जांच के बाद ही साफ हो सकेगा।

करतारपुर से चुराई गाड़ी
मॉडल टाउन कपूरथला से बच्चे का अपहरण करने वाला मनबीर बच्चे को ठिकाने लगाकर शुक्रवार रात मां चिंतपूर्णी चला गया। वहां से लौटते वक्त उसने करतारपुर से एक इनोवा गाड़ी चोरी की। कुछ दूर जाने पर गाड़ी में सो रही विदेशी महिला आन्ना ने शोर मचाया लेकिन मनबीर ने गाड़ी नहीं रोकी।

वह कपूरथला-जालंधर रोड पर एक होटल के सामने उक्त महिला को छोड़कर वापस करतारपुर की ओर चला गया। गाड़ी मालिक गुरजीत सिंह द्वारा थाने में गाड़ी चोरी की शिकायत पर जालंधर के डीएसपी ग्रामीण राजजीत सिंह ने विशेष नाकाबंदी कर आरोपी को धर दबोचा।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: