News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. नए वेतनमान समेत 13 सूत्रीय मांगों के संबंध में आंदोलनरत बिजली कर्मचारियों के सामने आखिर मंडल प्रशासन को झुकना पड़ा। छत्तीसगढ़ बिजली कर्मचारी संघ-महासंघ के पदाधिकारियों से चर्चा के बाद आज विद्युत मंडल अध्यक्ष राजीब रंजन ने हर हाल में 31 जुलाई तक नए वेतनमान दिए जाने का आश्वासन दिया, लेकिन महासंघ लिखित आदेश जारी होने तक आंदोलन चालू रखने पर अड़ा रहा। आंदोलन के सातवें दिन मंडल प्रशासन ने फेडरेशन को चर्चा के लिए आमंत्रित किया। बैठक में मंडल अध्यक्ष श्री रंजन समेत वित्त सदस्य वीके वर्मा, उत्पादन सदस्य एसपी चतुर्वेदी, वितरण एवं पारेषण सदस्य वीके जैन व मंडल सचिव वीके श्रीवास्तव तथा फेडरेशन की ओर से अध्यक्ष अरुण चौबे, महामंत्री एसएन तिवारी, संगठन मंत्री सुनील किरवई, अरुण देवांगन, सत्येंद्र दुबे, मोहन एंटी, पीएसएन अय्यर, शमीम खान, गुलेंद्र यादव, पीआर साहू, योगेश मिश्रा, जौहरी लाल शर्मा व बुधियार साहू शामिल हुए।
बैठक में महामंत्री श्री तिवारी व श्री किरवई ने मंडल प्रशासन से आंदोलन के दौरान स्थानांतरित किए गए कर्मचारियों व वार्षिक वेतन वृद्धि रोकने संबंधी आदेश को शीघ्र वापस लेने की मांग की। मंडल प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए 14 जुलाई को आदेश जारी करने की बात कही।
वेज रीविजन के संबध में बैठक आज
रायपुर. लंबित वेज रीविजन पर विद्युत कर्मचारी संघ (फेडरेशन) इंटक और विद्युत मंडल प्रशासन की द्विपक्षीय बैठक 14 जुलाई को शाम 4 बजे सेवा सदन भवन में हो रही है। इसमें फेडरेशन के पदाधिकारी व मंडल के अधिकारी हिस्सा लेंगे।
फेडरेशन के अध्यक्ष एनपी मिश्रा ने बताया कि मांगों पर चर्चा के लिए आमंत्रित किए जाने के बाद संघ ने 15 जुलाई को प्रस्तावित धरना वापस ले लिया है। मंडल अध्यक्ष को 10 जुलाई को पत्र लिखकर लंबित वेज रीविजन को शीघ्र लागू नहीं करने पर 15 जुलाई से आंदोलन शुरू करने की नोटिस दी थी।