News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर.
आमजनता और प्रशासन के बीच सेतु बने दैनिक भास्कर के कार्यक्रम ‘रूबरू ’ में यतियतनलाल, बंजारी और अवंति बाई वार्ड के लोगों को एक करोड़ रुपए से ज्यादा के विकास कार्यों का तोहफा मिला।
लोगों ने खुलकर बातें रखीं और जनप्रतिनिधियों, अफसरों ने खुले दिल से समस्याएं सुनने के बाद निराकरण का वादा किया। कुछ समस्याएं मौके पर ही निपटा ली र्गई।
भनपुरी के सामुदायिक भवन के सामने स्थित स्कूल में रविवार को रूबरू का आयोजन हुआ। यहां तीनों वार्डे के लोग समस्याएं, सुझाव लेकर आए। इनके अंदर आक्रोश, उतावलापन, बेचैनी के साथ कौतुहल भी नजर आया। लोगों की अनेक समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महापौर सुनील सोनी ने लोगों की मांग पर भनपुरी मुक्तिधाम के लिए 12 लाख देने तथा लिखित आवेदन पर 15 दिन में ‘सुलभ शौचालय’ बनाकर देने की घोषणा की।
स्वतंत्रता सेनानी व पत्रकार गणोशंकर विद्यार्थी की प्रतिमा में माल्यार्पण के साथ सुबह 10.30 बजे कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर रेलवे पीआरओ रतन बसाक, नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी डा. अमृत चोपड़ा, उरला सीएसपी बीबीएस राजपूत, बिजली बोर्ड के सब इंजीनियर विनय चंद्राकर, दैनिक भास्कर के स्थानीय संपादक दिवाकर मुक्तिबोध, डिप्टी एडीटर मनीष दवे, सहित यतियतन वार्ड पार्षद चंद्रकली पांडेय, बंजारी माता वार्ड पार्षद नागभूषण राव और अवंति बाई वार्ड पार्षद राधेश्याम विभार मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन हसन खान कर रहे थे।
सवाल-जवाब के दौरान महापौर ने आमजनता से शहर को संवारने आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही विकास संभव है। निगम वृक्ष देगा, उसे बड़ा करने की जिम्मेदारी जनता उठाए। शहर में बन रही सड़कें- नालियां, केबल आदि को ध्यान में रखकर छोटी बनाई जा रही हैं। जनचेतना के अभाव में नाली या सड़कों के क्षतिग्रस्त होने की समस्या आ रही है। खराब गुणवत्ता की शिकायतें मिलने पर ठेकेदारों को ब्लैक लिस्टेड किया जाएगा। 2009 तक पूरी तरह समस्या दूर हो जाएगी। कार्यक्रम में तीनों वार्ड के पार्षदों ने एक करोड़ से ज्यादा के विकास कार्यो का ऐलान किया।
‘रूबरू’ के माध्यम से जनता की भावनाओँ को जानने का मौका मिला। वार्ड में अब तक 50 करोड़ के काम हो चुके हैं। इसके तहत खेल मैदान, सड़क, नाली निर्माण आदि कार्य पूरे हो गए हैं। कुछ काम अभी हो रहे हैं। गंगानगर पुल से उरकुरा केबिन तक बड़ा नाला बनाने की मांग रखी गई है। वार्ड में 55 बिजली पोल लगाने की कार्यवाही एक-दो माह में शुरु की जाएगी। कृष्णानगर का आधा क्षेत्र भूमाफियाओं से बचाया जा चुका है। इसके अलावा पार्षद निधि से समस्याओं के निराकरण के लिए 4 लाख की राशि रखी गई है।
- जयप्रकाश पांडेय, पार्षद प्रतिनिधि वार्ड-4
भास्कर ने इस कार्यक्रम के माध्यम से जनता से सीधे चर्चा-परिचर्चा का मौका दिया है। समस्याएं सुनकर लगा मेरे वार्ड की जनता जागरूक हो गई है। मीठा पानी, सड़क, नाली के लिए संघर्ष जारी है। पानी टंकी बनने के बाद भी दूरस्थ क्षेत्रों में आपूर्ति नहीं हो रही है। इस पर काम किया जाएगा। ठेकेदारों द्वारा धन उगाही की शिकायत मैंने स्वयं की है।
नल कनेक्शन लेने की एक प्रक्रिया है। उसे अपनाने की बजाय आम जनता सुविधा पाने शार्ट अपनाती है। इसलिए भी ठेकेदारों को बढ़ावा मिलता है। नालियां टूटने की जोन अधिकारी या मुझे लिखित में सूचना मिलने से समाधान हो जाता। बिजली समस्या का निराकरण होगा। वार्ड को सर्वश्रेष्ठ बनाने कृत संकल्पित हूं।
-नागभूषण राव, पार्षद वार्ड-5
‘रूबरू’ सराहनीय है। पब्लिक को मंच मिलता है। रेलवे का क्षेत्र होने के बाद भी वार्ड में 60-70 लाख के अब तक काम हो चुके हैं। रेलवे एनओसी दे तो शाला उन्नयन का काम शुरू हो जाएगा। छतें, दीवार आदि के लिए 22लाख स्वीकृत कराए जा चुके हैं। गार्डन का निर्माण दो माह में शुरू हो जाएगा।
उन्होंने बताया कि रेलमंत्री लालू यादव से चर्चा कर झुग्गीबस्तियों के व्यवस्थापन के लिए 20 एकड़ जमीन मांगी गई है। रेलवे प्रशासन कांपा में 13 एकड़ जमीन देने राजी हो गया है। डीआरएम रेलवे ने बताया है कि जल्द ही आठ और पांच एकड़ के दो हिस्सों में जमीन मिलेगी। इसके बाद बीएसयूपी योजना के तहत डेढ़ लाख के मकान बनाकर निशुल्क इन्हें दिए जाएंगे।
- राधेश्याम विभार, पार्षद वार्ड 6
आवेदन मिलने पर भनपुरी स्कूल में शिक्षकों की कमी व बंजारी माता के आंगनबाड़ी में अनियमितता की शिकायत दूर करने परियोजना अधिकारी से चर्चा कर पहल की जाएगी। निराश्रित पेंशन प्रकरणों का भी समाधान होगा। स्कूल में सोमवार से ही सफाई कर्मचारी सेवा देगा। ठेकेदारों के खिलाफ लिखित में शिकायत मिलने पर जांच कराई जाएगी।
- अमृत चोपड़ा नगरनिगम स्वास्थ्य अधिकारी