चेन्नई. मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंडुलकर आगामी श्रीलंका दौरे में सर्वाधिक रनों का कीर्तिमान रच सकते हैं लेकिन हमारा ध्यान इस रिकॉर्ड पर नहीं बल्कि सीरीज जीतने में है।
यह बात भारतीय टेस्ट क्रिकेट टीम के कप्तान अनिल कुंबले ने कही। उन्होंने कहा कि ब्रायन लारा के 11,953 रन के कीर्तिमान को भंग करने के लिए सचिन को सिर्फ 172 रन की आवश्यकता है। यदि वे यह करिश्मा श्रीलंकाई धरती पर रचते हैं तो यह सिर्फ सचिन ही नहीं बल्कि सभी भारत वासियों के लिए एतिहासिक क्षण होगा। कुंबले ने स्पष्ट किया कि सचिन की इस उपलब्धि का सभी का बेसब्री से इंतजार अवश्य है लेकिन हमारे खिलाड़ियों की पहली प्राथमिकता सीरीज जीतना है।
फिट हैं सचिन : कुंबले ने कहा कि सचिन ग्रोइन इंजुरी से पूरी तरह से उबर चुके हैं। वे तरोताजा दिख रहे हैं और हो सकता है कि वे श्रीलंका में लारा को पार कर जाएं।
टेस्ट सीरीज जीतेंगे : कुंबले ने कहा कि गत एक साल से भारतीय टीम टेस्ट में बढ़िया प्रदर्शन कर रही है इसलिए उम्मीद है कि श्रीलंका के खिलाफ हम टेस्ट सीरीज जीतने में कामयाब रहेंगे। उन्होंने कहा कि युवा स्पिनर अजंथा मेंडिस ने एशिया कप के फाइनल में भारत के खिलाफ शानदार प्रदर्शन कर तहलका अवश्य मचाया है लेकिन हम उनसे निपटने की रणनीति बनाएंगे।
कप्तान ने कहा कि हम हर गेंदबाज का सम्मान करते हैं तथा किसी को भी हल्केपन से नहीं लेंगे। उन्होंने सौरव व राहुल द्रविड़ को टेस्ट के लिए आवश्यक बताया तथा हरभजन सिंह की वापसी पर खुशी जाहिर की। भज्जी के बारे में उन्होंने कहा कि वह मैच विजेता खिलाड़ी है। वह अवश्य ही अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करेगा।
कस्र्टन भी हैं खुश : टीम इंडिया के कोच गैरी कस्र्टन टेस्ट टीम के अभ्यास से खुश हैं। उनका कहना है कि भारतीय टीम में 4 तेज गेंदबाज(जहीर खान, आरपी सिंह, मुनाफ पटेल व इशांत शर्मा) हैं तथा ये सभी अच्छे फॉर्म में है। उन्होंने कहा कि टीम में सबसे अनुभवी तेज गेंदबाज जहीर खान हैं तथा नवोदित इशांत शर्मा को इससे अवश्य लाभ मिलेगा।