उज्जैन (मप्र).
सभरवाल कांड से सुर्खियों में आए उज्जैन के माधव कॉलेज में फिर एक आपराधिक घटनाक्रम हो गया। यहां के एक कर्मचारी ने प्राचार्य की कथित प्रताड़ना से तंग होकर कलाई की नसें काट लीं, जिससे गुस्से में उसके भाई ने प्राचार्य पर हमला कर दिया। घटना के ढाई घंटे बाद ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घटना से कॉलेज के प्राध्यापकों में एक बार फिर भय और आक्रोश छा गया। प्राचार्य एन.एम. वर्मा को कनपटी और पैरों में हल्की चोट लगी है। सोमवार दोपहर आरोपी विशाल के भाई चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी नीलेश एलविन ने आत्महत्या की कोशिश की थी। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। नीलेश ने प्राचार्य वर्मा पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं।
उसका कहना है कि उसे चार महीने से वेतन नहीं मिल रहा है। प्रताड़ना और आर्थिक संकट के कारण वह आत्महत्या करना चाहता था। घटना के करीब एक घंटे बाद आरोपी का भाई विशाल उर्फ लालू प्राचार्य के कक्ष में घुसा और उनकी गर्दन पकड़कर घूसे बरसा दिए। इसके तत्काल बाद वह घटना स्थल से भाग गया। आरोपी को शाम ४.३क् बजे गिरफ्तार कर लिया गया। सीएसपी पंकज पांडे के अनुसार आरोपी के खिलाफ धारा 353, 332 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
..और दो साल पहले का वह दृश्य
इसी कॉलेज में करीब दो साल पहले विद्यार्थी आंदोलन के दौरान प्रो. हरभजनसिंह सभरवाल की हत्या कर दी गई थी। इस प्रकरण में पुलिस ने अभाविप के 6 नेताओं को गिरफ्तार किया था। इसी दौरान प्रो. एम.एल. नाथ पर कीचड़ उछालने के मामले में एनएसयूआई के 28 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया था।