HomeManoranjanCinemaBollywood Bollywood

गोविंदा और ऐश्वर्या एक साथ

कुछ समय पहले ‘अलबेला’ में एक साथ नजर आने वाले गोविंदा और ऐश्वर्या एक बार फिर रुपहले पर्दे पर साथ नजर आएंगे। मजेदार बात यह है कि इस फिल्म में अभिषेक बच्चन भी हैं। फिल्म से जुड़े एक सूत्र के अनुसार इसमें गोविंदा का महत्वपूर्ण किरदार है जो ऐश्वर्या के साथ जुड़ा हुआ है।

खुद गोविंदा ने इस खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि मैं ऐश्वर्या के साथ काम करने जा रहा हूं। मेरे साथ फिल्म में अभिषेक भी हैं। वैसे इस जोड़ी को साथ में लाने की इससे पहले भी कोशिश हो चुकी है। सबसे पहले सुभाष घई ‘ताल’ में गोविंदा और ऐश्वर्या को एक साथ लाने वाले थे, लेकिन गोविंदा ने अनिल कपूर वाला किरदार निभाने से मना कर दिया था। गोविंदा के मना करने के बाद उनकी जगह अनिल कपूर को लिया गया।

‘ताल’ के बाद ये दोनों ‘अलबेला’ में पहली बार एक साथ नजर आए। हालांकि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कारनामा नहीं कर पाई। अब मणिरत्नम इन दोनों को एक साथ लाने जा रहे हैं। वैसे गोविंदा का कहना है कि ‘मणि सर के साथ काम करने की हर कलाकार की इच्छा होती है। मेरी भी थी, लेकिन मेरा स्टाइल अलग होने की वजह से मुझे उनकी फिल्म में काम करने का मौका ही नहीं मिल रहा था।’

इस बार मणिरत्नम बहुत ही इंटेंस लव स्टोरी बनाने जा रहे हैं जिसके लिए गोविंदा उनके शुक्रगुजार हैं, और फिल्म के इस किरदार के लिए खुद को फिट मान रहे हैं। गोविंदा ने इससे पहले अमितजी के साथ भी फिल्में की हैं। सिर्फ अभिषेक के साथ अब तक काम नहीं किया था, तो अब ये ख्वाहिश भी पूरी हो रही है। देखिए गोविंदा इसमें क्या कमाल करते हैं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: