राजधानी हरियाणा. हजकां सुप्रीमो और भिवानी के सांसद कुलदीप बिश्नोई ने कहा है कि उनकी पार्टी आने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनावों में किसी दल से समझौता नहीं करेगी।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि हालिया तीन उपचुनावों के बाद इनेलो का तो बोरिया बिस्तर गोल हो गया है और हरियाणा की जनता हजकां को कांग्रेस सरकार के विकल्प के तौर पर देख रही है। हजकां ने न केवल आदमपुर का उपचुनाव जीता है, बल्कि इंद्री में भी पार्टी दूसरे नंबर पर रही है।
उन्होंने कहा कि यह तो सर्वविदित तथ्य है कि उपुचनाव में आमतौर पर सरकार ही जीतती है लेकिन फिर भी हमारी पार्टी ने चुनाव जीत कर अपना जनाधार साबित कर दिया है। अभी हमारी पार्टी के गठन को सात महीने हुए हैं, लेकिन हमने हरियाणा की एक पुरानी पार्टी इनेलो को पीछे धकेल दिया है। जिस तरह से जनता ने हमारी पार्टी को समर्थन दिया है उसी के चलते हमने अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया है।
केंद्र सरकार के खिलाफ डालेंगे वोट उन्होंने कहा कि परमाणु समझौते के मुददे पर लोकसभा मे ं22 जुलाई को यूपीए सरकार के खिलाफ मतदान करेंगे। उन्होंने कहा कि देश की जनता कांग्रेस की नीतियों से काफी दुखी हैं और एसईजेड के नाम पर उपजाऊ जमीन कौड़ियों के भाव बड़े उद्योगपतियों को दी जा रही है।
ऐसे में परमाणु समझौते पर होने वाले मतदान में वे सरकार की खिलाफत कर जनता को इस सरकार से निजात दिलवाने का काम करेंगे। उन्होंने दावा किया कि हुडडा सरकार से प्रदेश की जनता काफी दुखी है और चुनाव में इसे सबक सिखाने का मन बना चुकी है।