News
Metros
Chandigarh Chandigarh चंडीगढ़.पुलिसकर्मियों को पदोन्नति के और मौके मुहैया कराने के लिए हरियाणा सरकार ने इस संबंध में समयावधि घटाने का फैसला किया गया है। इस फैसले के बाद 16 की बजाय 12 वर्षो में ही कांस्टेबल जनता हवलदार जबकि 26 वर्षो की बजाय 22 वर्र्षो में अस्सिटेंट सब इंस्पेक्टर, 35 वर्र्षो के कार्यकाल की अपेक्षा 30 वर्र्षो में सब इंस्पेक्टर बन सकेंगे। यह घोषणा सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने गुड़गांव के समीप पुलिस प्रशिक्षण एवं अनुसंधान केंद्र भौंडसी में मंगलवार को पासिंग आउट परेड के निरीक्षण के बाद की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और सुदृढ़ करने के लिए अलग से 25 डीएसपी, 116 इंस्पेक्टर, 356 सब इंस्पेक्टर, 625 अस्सिटेंट सब इंस्पेक्टर, 1250 हैड कांस्टेबल तथा 5000 कांस्टेबल तैनात होंगे। मुख्यमंत्री ने इस केंद्र में प्रशिक्षण के दौरान मारे गए जवान रणधीर सिंह की पत्नी शकुंतला को कोष से दो लाख की वित्तीय सहायता देने की भी घोषणा की। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त महिला पहलवान गीतिका जाखड़ तथा अजलान शाह कप में भारतीय हॉकी टीम को जीत दिलाने वाले नायक सरदार सिंह को सीधे डीएसपी के नियुक्ति पत्र प्रदान किए।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा मंजूर योजना के तहत हरियाणा पुलिस की तीसरी आईआरबी का गठन किया जा रहा है। राज्य पुलिस में सीधी भर्ती द्वारा 80 नए सब इंस्पेक्टरों को शामिल किया गया है और 50 इंस्पेक्टरों को नियुक्त करने की प्रक्रिया पूरी हो रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन करने वाले 6 खिलाड़ियों को सीधे इंस्पेक्टर के पद पर नियुक्त किया गया है, इसके अतिरिक्त 20 खिलाड़ियों को सब इंस्पेक्टर के पदों पर नियुक्त दी गई है। इस मौके पर पुलिस महानिदेशक रंजीव दलाल ने कहा कि हरियाणा पुलिस के सभी थानों में एफआईआर कंप्यूटर पर लिखने की शुरूआत हुई है, जिसका प्रिंट आउट निकाल कर तत्काल शिकायतकर्ता को दिया जा रहा है।