सिरसा/अंबाला. राष्ट्रीय राजमार्ग पर भावदीन के पास बारात की एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इसमें दूल्हे सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दुल्हन सहित आठ बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए।
उधर, अंबाला छावनी के पास एक अन्य घटना में जीटी रोड स्थित गुरु ग्रंथ साहिब भवन के पास एक तेज रफ्तार कार पेड़ से टकरा गई, इससे उसमें सवार तीन लोगों की मौत हो गई। डबवाली के सुकेराखेड़ा गांव से जोगिंद्र पाल की बारात सोमवार को करनाल के गुढ़ा इंद्री गई थी। शादी के बाद वापसी में उसकी कार आगे चल रहे कैंटर से टकरा गई। फोटोग्राफर अमर की मौत मौके पर ही हो गई, जबकि जोगिंद्र पाल और उसके साले सुभाष ने सामान्य अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। डिंग थाना प्रभारी धर्मबीर मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल में भेजा।
आशमां, बिंदूबाई, नाजीरपाल व शीशपाल (दुल्हन का भाई) सहित सभी घायलों को हिसार रेफर किया गया है। पुलिस ने कैंटर को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। चालक फरार है। इधर, छावनी के पास सोमवार दोपहर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। हादसे में अंडमान निकोबार के रिटायर्ड मुख्य सचिव बलबीर सिंह (61) के अलावा चालक नरेश (39) की पत्नी सीमा (32) एवं बेटे मनु (3) की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल नरेश को चंडीगढ़ के सेक्टर-32 अस्पताल भेजा गया है। दिल्ली के हौजखास में रहने वाले बलबीर वैगनआर में दिल्ली से चंडीगढ़ जा रहे थे।
नरेश चंडीगढ़ सेक्टर 41-डी स्थित बलबीर की कंप्यूटर कंपनी में कार्यरत था। मोहड़ा पुलिस चौकी इंचार्ज पृथ्वीराज के मुताबिक हादसा दोपहर ढाई बजे हुआ। पोस्टमार्टम के बाद बुधवार को तीनों के शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।