जयपुर.राज्य में मानसून कमजोर हो गया है। प्रदेश के अधिकतर स्थानों पर मंगलवार का दिन सूखा निकला। सिर्फ भरतपुर में कुछ स्थानों पर पानी गिरा। धौलपुर के राजाखेड़ा गांव में बरसात में एक मकान गिरने से तेजसिंह (50) की मौत हो गई। जयपुर, जोधपुर, कोटा, अजमेर, उदयपुर, बीकानेर में दिन सूखा निकला। मौसम विभाग ने पूर्वी राजस्थान में कुछ स्थानों पर बरसात की संभावना बताई है। शेष राज्य में मौसम शुष्क रहेगा।
बारिश का दौर थमने के कारण एक बार फिर उमस और गर्मी से लोग परेशान होने लगे हैं। मंगलवार को भी जयपुर सहित अन्य सभी जिलों में बादल छाए रहे, लेकिन बरसात नहीं हुई। उमस, पसीने और चिपचिपाहट से बेहाल लोगों को बारिश की आस थी, लेकिन शाम तक बादल कहीं भी नहीं बरसे।
उत्तरप्रदेश के एक हजार गांवों में बाढ़ का पानी
उत्तरप्रदेश में चार दिन से लगातार हो रही बारिश और नेपाल द्वारा सरयू नदी में 1.86 लाख क्यूसेक पानी छोड़ने से 13 जिलों में स्थिति गंभीर हो गई है। राज्य के एक हजार गांव बाढ़ के पानी में डूबे हैं। उधर, बिहार में नहर में जीप गिर जाने से 20 लोगों की मौत हो गई। राजधानी दिल्ली में रातभर से जारी बारिश से न्यूनतम तापमान में तो कमी आई है, लेकिन अधिकतम तापमान ऊंचा बना हुआ है। नेपाल से छोड़े गए पानी से सरयू नदी फिर उफान पर है।
इसके तट पर स्थित फैजाबाद, बहराईच और श्रावस्ती के 200 गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है। इसकेअलावा हजारों हेक्टेयर कृषि भूमि भी प्रभावित हुई है। गोंडा जिले में घाघरा नदी ने तांडव मचा रखा है।