HomeNewsMetrosBhopal Bhopal

किताबों के इंतजार में ही बीत गया पहला पखवाड़ा

भोपाल.राज्य सरकार द्वारा अपने स्कूलों में विद्यार्थियों को मुफ्त किताबें देने की योजना के राजधानी में ही बुरे हाल हैं। आलम यह है कि किसी भी स्कूल में नौवीं से 12वीं तक की किताबें ही नहीं पहुंची हैं। पढ़ाई इसलिए भी ठप है कि अब तक नया कोर्स भी वहां उपलब्ध नहीं कराया गया है।

संचालक लोक शिक्षण डा. अवधकिशोर मिश्रा स्वयं मंगलवार को इस स्थिति से रूबरू हुए। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा शुरू किए गए अभियान के तहत उन्होंने बैरागढ़ सहित नए भोपाल के कुछ स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान हर स्कूल से उन्हें यही सुनने मिला कि शिक्षा सत्र का एक पखवाड़ा बीत जाने के बावजूद अब तक वहां नौवीं से 12वीं कक्षा में पढ़ाई के नाम पर खानापूर्ति ही की जा रही है। वजह यह कि विद्यार्थियों को देने के लिए अब तक किताबें ही नहीं मिली हैं।

छठवीं की अंग्रेजी की किताब भी उपलब्ध न होने से इस विषय की पढ़ाई ठप है। संचालक को यह भी बताया गया कि नया कोर्स अब तक स्कूलों में नहीं पहुंचा है। इसके कारण कई जगह पुराने कोर्स से ही काम चलाया जा रहा है। इस मामले में केवल कमला नेहरू हायर सेकंडरी स्कूल में स्थिति ठीक नजर आई। वहां माध्यमिक शिक्षा मंडल की वेबसाइट से कोर्स डाउनलोड कर काम चलाया जा रहा है। डा. मिश्रा ने इस प्रयास की सराहना की।

उन्होंने भास्कर को बताया कि किताबें उपलब्ध कराने के लिए पाठ्य पुस्तक निगम को पूर्व में दो पत्र लिखे जा चुके हैं। मंगलवार को सामने आई स्थिति के बाद एक बार फिर निगम से संपर्क किया जाएगा।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: