भोपाल.बीएसएनएल भोपाल दूरसंचार को आईएसओ प्रमाण पत्र जारी करने के लिए ब्यूरो आफ इंडिया स्टेंडर्डस की टीम 17 जुलाई से तीन दिन तक आडिट करेगी। कंपनी का दावा है कि वह उपभोक्ताओं को भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) के मापदंडों के अनुसार सेवाएं दे रही है और लगभग 90 प्रतिशत ग्राहक इन सेवाओं से संतुष्ट हैं।बीएसएनएल पिछले एक साल से आईएसओ प्रमाण पत्र के लिए तैयारी कर रहा है। कंपनी अधिकारियों के अनुसार उन्होंने ग्राहकों की संतुष्टि को लेकर पिछले दिनों एक सर्वे कराया था। इस सर्वे में संतुष्टि का स्तर 88 प्रतिशत रहा था। इसके बाद सेवाओं में सुधार भी हुआ है।
24 घंटे में ठीक होना चाहिए फाल्ट
ट्राई द्वारा तय मापदंडों के अनुसार टेलीफोन में सामान्य खराबी होने पर इसे 24 घंटे में ठीक किया जाना चाहिए। वैल्यू एडेड सर्विसेस भी दो दिन में मिल जाना चाहिए। ब्रांड बैंड और नया लैंडलाइन कनेक्शन अधिकतम सात दिन के भीतर लग जाना चाहिए।
700 रुपए की जगह आया साढ़े पंद्रह हजार का बिल
चूना भट्टी स्थित दादाजी बिल्डर्स एंड डेवलपर्स के मालिक अभिनव त्रिपाठी ने शिकायत की है कि बीेएसएनएल ने उनके आफिस में लगे लैंडलाइन नंबर का 15 हजार 467 रुपए का बिल थमा दिया। बिल में काल की संख्या 13426 बताई गई है। कंपनी के महाप्रबंधक महेश शुक्ला ने बताया कि गलती पकड़ में आ गई है और मंगलवार को सही बिल जारी कर दिया जाएगा।