HomeBusinessCorporate Corporate

रैनबैक्सी-दायची सौदा होकर रहेगा : मालविंदर सिंह

नई दिल्ली.देश की अग्रणी दवा निर्माता रैनबैक्सी लैब ने इन बातों को निराधार बताया है कि दायची सैंक्यो के साथ उसका सौदा नहीं होगा। कंपनी के सीईओ मालविंदर सिंह ने बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाकर कहा कि मामले की जानकारी के अभाव में अटकलें लगाई जा रही हैं। रैनबैक्सी के शेयर में जो गिरावट है, वह भी कंपनी की वास्तविक क्षमता के अनुरूप नहीं है।

सिंह ने कहा कि दायची सैंक्यों को सौदे के पहले ही अमेरिकी विवाद की जानकारी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ बहुराष्ट्रीय कंपनियां और कुछ शेयर ब्रोकर मिलकर रैनबैक्सी के शेयर को दबाव में लाने की कोशिश कर रहे हैं।

सिंह ने कहा कि अमेरिकी डिपार्टमेंट आफ जस्टिस (डीओजे) द्वारा दायर मामला अधिक जानकारी मांगने के लिए है और इसका दायची सैंक्यों के साथ सौदे पर कोई असर नहीं होगा। सिंह ने कहा कि कंपनी इस मामले में डीओजे को पूरा सहयोग कर रही है। इस दौरान अमेरिका में कंपनी का कारोबार आम दिनों की तरह चलता रहेगा। जहां तक अमेरिकी कारोबार की बात है, अभी तक कोई व्यवधान देखने में नहीं आया है। उल्लेखनीय है कि गुड़गांव स्थित इस कंपनी में जापानी कंपनी दायची सैंक्यो ने प्रवर्तकों की 34.8 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने पर सहमति दी है। खुले बाजार से कंपनी के 20 फीसदी शेयर और खरीदने के लिए ओपन आफर ला रही है, जो 8 अगस्त को खुलकर 27 अगस्त को बंद होगा।

शेयरों में 15 फीसदी उछाल

मालविंदर सिंह की प्रेसवार्ता के बाद निवेशकों को कुछ राहत मिली और बीएसई में पिछले दो सत्रों में 24.46 फीसदी गिर चुके रैनबैक्सी के शेयर बुधवार को बीएसई में 15.02 फीसदी उछलकर 470.70 रुपए के भाव पर बंद हुए। सत्र में इन्होंने 476.60 रुपए की ऊंचाई को छुआ।

2 दिन में 24 फीसदी क्यों गिरे शेयर

सिंह ने दो सत्रों में कंपनी के शेयरों में 24.46 फीसदी गिरावट आने के लिए प्रतिद्वंद्वी कंपनियों को दोषी ठहराया। उनके अनुसार शेयरों में गिरावट के पीछे एक बहुराष्ट्रीय कंपनी और एक अग्रणी भारतीय कंपनी का हाथ है।

कंपनी के सीईओ मालविंदर सिंह ने प्रतिद्वंद्वियों पर भ्रम फैलाकर शेयरों में गिरावट लाने का आरोप लगाया ताकि वे गिरावट के बाद कम भाव पर शेयर खरीद सकें। बीएसई में सोमवार को कंपनी के शेयर 10.45 और मंगलवार को 14.01 फीसदी गिरकर बंद हुए थे। गिरावट के लिए दोषी लोगों की जानकारी सेबी को सौंपी जाएगी।

रैनबैक्सी ने कहा >> शेयरों में गिरावट के लिए प्रतिद्वंद्वी कंपनियां जिम्मेदार। कम कीमत पर खरीदना चाहती हैं शेयर।

>> कुछ बहुराष्ट्रीय कंपनियां और शेयर ब्रोकर मिलकर बना रहे हैं शेयर पर दबाव।

>> दायची सैंक्यों को पूरे मामले की जानकारी पहले से थी, इसलिए सौदा तो होगा।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: