अम्बाला. किडनी खरीद-फरोख्त के कारोबार में फंसे किडनी किंग डाक्टर अमित की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही है। इस कारोबार के जरिए भारी मुनाफा कमाने वाले किडनी किंग की प्रापर्टी पर जहां सीबीआई की नजरें टिकी है, वहीं अब जेल में बैठे बदमाशों ने भी उन्हें चौथ के लिए तंग करना शुरू कर दिया है। यही कारण है कि जेल में चौथ की रकम वसूलने के लिए उन पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है। ऐसे में उन्होंने इस बात का जिक्र अपने अधिवक्ता अमित गुप्ता से किया है।
इस संबंध में जल्द एक याचिका संबंधित कोर्ट में दायर करने के साथ-साथ मजिस्ट्रेट से उनकी बैरक बदलने की बात कही है। खास है कि दैनिक भास्कर टीम जेल में डाक्टर अमित से फिरौती मांगे जाने की आशंका पहले ही जता चुके हैं। सूत्रों से पता चला है कि किडनी किंग को जब से अम्बाला सेंट्रल जेल में शिफ्ट किया गया है, तब से उन पर फिरौती के लिए दबाव बनाया जा रहा है। सूत्र बताते है कि मुंबई पुलिस की पूछताछ के बाद उन्हें दोबारा सेंट्रल जेल शिफ्ट किया गया था।
उसी के बाद से डाक्टर अमित को लगातार चौथ के लिए धमकियां आ रही है। बताया जाता है कि जेल में उनसे चौथ की रकम मांगने वाले दो गैंग है और यह दोनों आपस में एक-दूसरे के एंटी हैं। हालांकि इनमें से एक गैंग के कुछ सदस्य किसी अन्य जिले की जेल में शिफ्ट है, लेकिन उनके अन्य साथी सदस्यों के जरिए वह डाक्टर अमित से चौथ की रकम वसूलना चाहते हैं। लगातार मिल रही धमकियों के बाद डाक्टर अमित ने सारी बात अपने अधिवक्ता को बताई। बुधवार सुबह पेशी के दौरान किडनी किंग ने मजिस्ट्रेट से बैरक बदले जाने की बात भी कही। इसके बाद डाक्टर अमित से इस बात का कारण पूछा गया। उसी दौरान उन्होंने जेल में चौथ मांगे जाने की बात का खुलासा किया। इस संबंध में डाक्टर अमित के अधिवक्ता एक याचिका भी दायर करेंगे। जिसमें ठोस दलीलों का हवाला दिया जाएगा।