जम्मू.अमरनाथ की गुफा में बना पवित्र हिम शिवलिंग अब लगभग पूरी तरह पिघल चुका है। पिछले तीन दिनों में गर्मी बढ़ने से हिम शिवलिंग तेजी से पिघला है। बाबा बर्फानी ने बुधवार को कुछ श्रद्धालुओं को तो दर्शन दिए, लेकिन गुरुवार से गुफा में पहुंचने वाले इससे वंचित रहेंगे। हालांकि इस बार अब तक पांच लाख से अधिक तीर्थयात्री हिम शिवलिंग के दर्शन कर चुके हैं।
अमरनाथ श्राइन बोर्ड इतने लंबे समय तक हिम लिंग के बने रहने को उपलब्धि मान रहा है। इस बार अमरनाथ यात्रा 18 जून से शुरू हुई थी। पिछले साल तो आधिकारिक यात्रा शुरू होने से पहले ही हिमशिवलिंग पिघल गया था। हालांकि तब यात्रा शुरू होने से पहले ही हजारों लोग गुफा में दर्शन कर चुके थे। हिमलिंग से छेड़छाड़ भी हुई थी। इस बार सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और ठंडे मौसम के कारण यात्रा के पहले दिन हिमलिंग की ऊंचाई करीब 12 फीट थी।
ऐसे पिघले बाबा हिम शिवलिंग की ऊंचाई सोमवार को करीब चार फीट थी, जिसमें रात तक कोई खास फर्क नहीं आया था। गर्मी बढ़ते ही मंगलवार को मोटाई एकदम कम हुई और रात को हिमलिंग की ऊंचाई कम हो गई। बुधवार को तेज गर्मी के कारण एकदम पतले हो गए हिम लिंग को पिघलने में ज्यादा देरनहीं लगी।
असली अमरनाथ यात्रा तो छड़ी मुबारक के साथ शुरू होती है, लेकिन तब तक बाबा बर्फानी गुफा में मौजूद नहीं रहते। छड़ी मुबारक के महंत दीपेंद्र गिरि और कई अन्य संस्थाओं के अनुसार अमरनाथ यात्रा एक महीने की ही होनी चाहिए, क्योंकि लाखों यात्रियों के गुफा में पहुंचने से गुफा की गर्मी बढ़ जाती है और बाबा अंतध्र्यान हो जाते हैं।