Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood
रोहन ने पिछले दिनों जॉन अब्राहम और ऐश्वर्या को लेकर फिल्म बनाने की घोषणा की थी। इस फिल्म का निर्देशन श्रीराम राघवन करने वाले हैं। अब खबर यह है कि निर्माण में विलंब और डेट्स की समस्या के कारण ऐश्वर्या ने फिल्म में काम न करने का फैसला किया है। दूसरी ओर रोहन का कहना है कि वे ऐश्वर्या के साथ डेट्स को लेकर चर्चा कर रहे हैं।
उन्हें उम्मीद है कि वे ऐश्वर्या को राजी कर लेंगे और जल्द ही सब कुछ फाइनल हो जाएगा। रोहन और अभिषेक अच्छे दोस्त हैं। इसी दोस्ती के चलते उन्होंने अभिषेक और ऐश्वर्या को लेकर फिल्म की योजना बनाई थी। अभिषेक ने तो डेट्स की वजह से फिल्म में काम करने से मना कर दिया था, लेकिन ऐश्वर्या जरूर फिल्म में थीं। अभिषेक की जगह जॉन को फिल्म में लिया गया था। फिल्म का टेंपरेरी शीर्षक ‘ड्रीमगर्ल’ रखा गया था और इसकी शूटिंग अक्टूबर से शुरू होने वाली थी। अब खबर यह है कि ऐश्वर्या ‘अनफार्गेटेबल’ टूर में व्यस्त होने की वजह से यह फिल्म नहीं कर पाएंगी।
ऐश्वर्या के बिजनेस मैनेजर हरी सिंह ने बताया कि ऐश्वर्या टूर से मुंबई आने के बाद मणिरत्नम की फिल्म की शूटिंग शुरू करेंगी, जिसमें उनके नायक अभिषेक बच्चन हैं। उसके बाद उन्हें रजनीकांत की ‘रोबोट’ की शूटिंग करना है। उन्होंने कहा रोहन अब इसी दौरान ‘ड्रीमगर्ल’ की शुरुआत करना चाहते हैं। ऐश्वर्या ने पहले रोहन को जनवरी से अप्रैल तक की डेट्स दी थीं, लेकिन स्क्रिप्ट तैयार नही हो पाने की वजह से वे शूटिंग नहीं कर पाए थे। मुझे नहीं लगता कि अब वे रोहन की फिल्म को वक्त दे पाएंगी।