Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood
बहामास में फिल्म ‘ब्लू’ की शूटिंग पूरी करके मुंबई लौटीं लारा ने खुलासा किया है, ‘पहले मुझे पानी से बहुत डर लगता था, लेकिन इस फिल्म के लिए मैंने तैरना सीखा और आज मैं कुशल स्कूबा डाइवर बन गई हूं।’ फिल्म में लारा के अलावा कैटरीना कैफ भी नायिका के किरदार में हैं। वैसे कैटरीना वाला किरदार पहले प्रियंका चोपड़ा निभाने वाली थीं, लेकिन डेट्स की समस्या की वजह से यह संभव नहीं हो सका।फिल्म में अपने स्टंट दृश्यों का जिक्र करते हुए लारा ने बताया ‘आपको शायद भरोसा नहीं होगा, लेकिन कुछ समय पहले तक मैं पानी से बहुत डरती थी।
अपने पंद्रहवें जन्मदिन के मौके पर तो मैं डूबते-डूबते बची थी। ऐसे में जब मुझे फिल्म ‘ब्लू’ का ऑफर मिला तो शुरुआत में मैं संशय की स्थिति में थी क्योंकि इसके कुछ दृश्यों में मुझे पानी में शूटिंग करनी थी। काफी सोच-विचार के बाद मैंने इस फिल्म में काम के लिए हामी भरी थी। इस फिल्म में काम करना मेरे लिए चुनौती की तरह था।
शूटिंग शुरू होने के पहले फरवरी में ही मैंने तैरना सीखना शुरू किया। नेशनल लेवल के कोच से मैंने ट्रेनिंग ली। बहरहाल अब पानी को लेकर मेरा डर खत्म हो चुका है। मैं अब सिर्फ तैराक ही नहीं, बल्कि अच्छी स्कूबा डाइवर भी बन गई हूं। बहामास में मैंने पानी के नीचे ऐसे कई दृश्य किए हैं, जो बेहद खतरनाक हैं। सबसे खतरनाक दृश्य तो वह था जिसमें मुझे शार्क के साथ तैरना था। हालांकि शार्क के ट्रेनर शूटिंग के समय मौजूद थे, लेकिन मैं मन ही मन बहुत डर रही थी।