पटियाला.
लोग यह जानने को इच्छुक हैं कि पंजाब सरकार के रवैये से दुखी ओलंपिक क्वालिफायर डिस्कस थ्रोअर हरवंत कौर बीजिंग ओलंपिक के बाद इंडिया की तरफ से खेलेंगी या नहीं? इस सवाल के जवाब में हरवंत का कहना है कि अब बात रिसपेक्ट की आ गई है। एक इंटरनेशनल खिलाड़ी होने के नाते अगर मैं अच्छी जॉब मांग रहीं हूं तो इसमें गलत क्या है।
पंजाब पुलिस में एएसआई से हैड कॉन्सटेबल के पद पर डिमोट की गई डिस्कस थ्रोअर ने कहा, अगर सरकार ने ओलंपिक शुरू होने से पहले उनकी जॉब को लेकर कुछ फैसला नहीं लिया तो वे ऑस्ट्रेलिया शिफ्ट हो जाएंगी। हालांकि हरवंत कौर ने यह भी कहा कि उन्हें इस मामले में पंजाब सरकार से कोई उम्मीद नहीं है।
ओलंपिक की तैयारी पूरी: हरवंत कौर ने कहा कि उनकी बीजिंग ओलंपिक के लिए तैयारी पूरी है और विवाद का उनके प्रदर्शन पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। एक साल पहले ऑस्ट्रेलिया की सिटिजनशिप ले चुकीं हरवंत कैंप के लिए शनिवार को मलेशिया रवाना हो रही हैं और वहीं से वे बीजिंग पहुंचेंगी।
किसी ने संपर्क नहीं किया:
इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेश कलमाड़ी ने हरवंत कौर के मामले को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल से बातचीत करने की बात कही है। इस पर हरवंत ने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है और ना ही किसी ने उनसे संपर्क किया है। उन्होंने कहा कि वे कई सालों से अपनी लड़ाई लड़ रही हैं और अब फैसला ले लिया है।
हरवंत कौर एकदम तैयार हैं और मुझे पूरी उम्मीद है कि वह बीजिंग ओलंपिक में मेडल लाएंगी। यह मेंटली टफ लड़की है और हर परिस्थिति से बखूबी निपटना जानती है।
-परबीर सिंह, हरवंत के कोच