जयपुर. केबल व्यवसाय के विवाद में पांच बदमाशों ने बुधवार सुबह राजस्थान कॉलेज के बाहर एक छात्र पर जानलेवा हमले का प्रयास किया। उन्होंने पहले गोली चलाई और निशाना चूकने पर युवक को कार से उतारा और धारदार हथियारों व पाइप के वार से घायल कर गले से सोने की चेन छीन ली।
इस घटना से परीक्षा देने आए अन्य छात्र-छात्राओं व उनके साथ आए अभिभावकों में भय फैल गया। पुलिस के अनुसार घायल योगेश शर्मा (27) अपनी मारुति कार से पत्नी प्रभाराय, भाई मिथिलेश व उसकी पत्नी रंजना के साथ एलएलबी प्रथम वर्ष का अंतिम पर्चा देने आया था। इन तीनों को योगेश ने उनके परीक्षा केंद्र कॉमर्स कॉलेज के बाहर सुबह करीब 6:40 बजे उतार दिया और अपनी कार कॉलेज के मुख्य गेट के बाहर पार्क कर रहा था। तभी सामने खड़ी कार से पांच युवक उतरे और उन्होंने योगेश पर हमला बोल दिया।
ये पांच मानसरोवर निवासी नवीन शर्मा, लक्ष्मण सिंह, शशि शर्मा, लूली व एक अन्य थे। नवीन ने कार में बैठे योगेश पर गोली चलाई जो शीशे में लगी। इसके बाद हमलावरों ने कार के गेट के शीशे को लोहे के पाइप से तोड़कर आगे का दूसरा दरवाजा खोला और योगेश को खींचकर बाहर निकालने के बाद चाकू, फरसे व सरिये से उसके सिर, हाथ व पैरों में कई वार किए। खून से लथपथ योगेश ने बचाव में शोर मचाया, तो राजस्थान कॉलेज के छात्र बाहर आए। छात्रों को आता देख हमलावर कार से भाग गए। उन्होंने पीछा कर रहे छात्रों को डराने के लिए दो हवाई फायर भी किए। बाद में पुलिस वाहन में योगेश को एसएमएस अस्पताल ले जाया गया। पुलिस को मौके पर घटना में काम लिया रक्त लगा चाकू, नवीन का मोबाइल बंद हालत में व कार के शीशे पर चलाई गोली का राउण्ड मिला।
पर्चा बयान पर मामला दर्ज : गांधीनगर वृत के उप अधीक्षक मुकुंद बिहारी ने बताया कि घायल के पर्चा बयान पर गांधीनगर थाने में जानलेवा हमला व लूट का मामला दर्ज किया गया है। योगेश ने हमलावरों की संख्या चार बताई। नवीन व अन्य तीन मूलरूप से भरतपुर के निवासी हैं। नवीन यहां मानसरोवर में खुद के मकान में रहता है और एसेंट कार उसी की है। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए नाकाबंदी की, लेकिन वे नहीं मिले।
केबल का विवाद :
पुलिस के अनुसार योगेश व नवीन पहले मिलकर केबल व्यवसाय करते थे। बाद में उनमें विवाद हो गया। उन्होंने एक दूसरे के खिलाफ विद्याधर नगर थाने में मामले दर्ज कराए थे। योगेश पूर्र्वाचल केबल व नवीन विनायक केबल के नाम से व्यवसाय करता है।
हमलावर व घायल बदमाश :
एसपी (पूर्व) वी.के.सिंह ने बताया कि घायल और हमलावर सभी हिस्ट्रीशीटर हैं। सभी के खिलाफ भरतपुर और यहां विद्याधर नगर में मामले दर्ज हैं। योगेश शर्मा विद्याधर नगर पुलिस का हिस्ट्रीशीटर है, जबकि नवीन व उसके तीन साथी आदतन अपराधी हैं। नवीन के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत विद्याधर नगर व सिंधीकैप में मामले दर्ज हैं। एक मामले में उसके नाम गिरफ्तारी वारंट जारी है।
पुलिस दल भेजे :
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश के नेतृत्व में जांच टीम गठित की गई है। आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए एक पुलिस दल भरतपुर व शहर में विभिन्न स्थानों पर तलाश के लिए आधा दर्जन पुलिस दल लगाए गए हैं।