HomeManoranjanCinemaBollywood Bollywood

फिर सिगरेट पीते हुए शॉट नहीं दूंगी

प्रियंका अपने फिल्मी कैरियर में पहली बार कैमरे के सामने सिगरेट का कश लेते हुए नजर आने वाली हैं। वैसे वे सिगरेट नहीं पीतीं, लेकिन किरदार की मांग की वजह से उन्हें सिगरेट पीनी पड़ी । प्रियंका ने अब तय किया है कि वे परदे पर कभी सिगरेट पीते हुए शॉट नहीं देगी। उन्होंने कहा कि लोग सिगरेट कैसे पीते हैं, समझ में नहीं आता। सिगरेट स्वास्थ्य के लिए बेहद नुकसानदेह है और हम सभी को इससे बचना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि बॉलीवुड में नायकों के साथ-साथ कई नायिकाएं भी सिगरेट पीती हैं। कुछ नायिकाएं तो मीडिया के सामने भी बेखौफ होकर सिगरेट पीती हैं, लेकिन फोटो खींचने नहीं देतीं। मधुर भंडारकर की ‘फैशन’ फिल्म में प्रियंका सिगरेट पीती नजर आने वाली हैं। इससे पहले न तो उन्हें कभी सेट पर और न ही सार्वजनिक जीवन में सिगरेट पीते देखा गया था। ऐसे में फिल्म में उन्हें सिगरेट के छल्ले उड़ाते देखकर हर किसी को हैरानी हुई।

सिगरेट को लेकर सरकार ने भी हाल में कुछ सख्त रवैया अख्तियार किया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री अंबुमणि रामदास ने भी फिल्मों में सिगरेट पीते हुए दृश्य न दिखाने की वकालत की है। फिल्म ‘फैशन’ में प्रियंका ऐसी मॉडल का किरदार निभा रही हैं जो एक छोटे से गांव से सुपरमॉडल बनने मुंबई आई है। सिगरेट संबंधी सीन के बारे में पूछे जाने पर प्रियंका ने कहा- आपने सही बात पकड़ी है। इस शॉट के लिए मैंने जिंदगी में पहली बार सिगरेट पी है। सिगरेट पीना बहुत बुरी बात है। लोग एक के बाद एक सिगरेट कैसे पीते हैं, मैं नहीं जानती। किरदार और प्रसंग की मांग के कारण फिल्म में मैं सिगरेट पीती नजर आ रही हूं।

निर्देशक मधुर भंडारकर ने जब मुझे इस शॉट के बारे में बताया तो पहले मैं तैयार नहीं थी, लेकिन जब उन्होंने शॉट का महत्व समझाया तो मैं तैयार हो गई। शॉट के दौरान कितनी सिगरेट पीं, यह पूछने पर प्रियांका ने कहा कि एक ही सिगरेट पर मैंने वह शॉट दिया है। आपको सिगरेट पीते देखकर सिगरेट पीने वाली लड़कियों की संख्या और नहीं बढ़ जाएगी, इस प्रश्न के जवाब में प्रियंका ने कहा कि मुझे नहीं लगता। अगर कोई ऐसा सोच रहा हो तो मैं कहूंगी कि सिगरेट नहीं पीनी चाहिए क्योंकि यह बेहद नुकसानदेह है। मेरे जीवन का यह एकमात्र सिगरेट वाला दृश्य है। आगे से मैं कभी भी कैमरे के सामने सिगरेट पीती हुई नजर नहीं आऊंगी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: