News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior बड़ौदा/श्योपुर. शादी के नाम पर धोखाधड़ी के एक मामले में श्योपुर जिले की बड़ौदा पुलिस ने दुल्हन बनी युवती सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में शादी में सहयोगी बने आधा दर्जन अन्य आरोपियों की तलाश बड़ौदा पुलिस कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार बड़ौदा निवासी कमलेश जैन की शादी नहीं हुई थी। उसने अपनी शादी के लिए उज्जन के दलाल नारायण गोयल और शीला ठाकुर से संपर्क किया। उसे तीन जुलाई को दलाल ने लड़की देखने के लिए उज्जौन बुलाया था। वहां कमलेश को निक्की उर्फ कविता शर्मा नाम की एक लड़की दिखाकर उसके कथित परिवार जनों से मुलाकात करवाई गई। लड़की पसंद आने और रिश्ता तय होने पर कमलेश जैन ने शादी बड़ौदा चलकर करने की शर्त रखी। इसे मान लिया गया।
लड़की की कथित मां, बड़ी बहन, चाचा, भाई, मामा सहित सात लोग बड़ौदा आ गए और गायत्री मंदिर में दोनों की 4 जुलाई को शादी करा दी गई। शादी के बाद कन्या पक्ष की ओर से कमलेश से एक लाख रुपए लड़की के नाम एफडी करवाने के लिए मांगे गए। कमलेश ने उन्हें 75 हजार रुपए नगदी देकर विदा कर दिया। नवनिवाहिता कविता को कमलेश के पास छोड़कर सभी लोग फिर आने का कहकर चले गए।
गत 12 जुलाई को कमलेश के परिवार में शादी थी। उसने अपने ससुरालियों को निमंत्रण भेजा। तब कोई नहीं आया। इस बीच कमलेश को लड़की के हावभाव से यह शक हो गया कि उसकी दुल्हन कविता शर्मा न होकर और किसी समुदाय की है। पूछताछ करने पर दुल्हन ने कमलेश को बता दिया कि उसका नाम निक्की है तथा वह इंदौर निवासी वसीम खान की पत्नी है। वसीम से उसकी एक लड़की मुस्कान भी है। वह अपने पिता के पास खजराना मोहल्ले में रहती है। कमलेश इस वाकये से परशान था ।
इसी बीच कविता ने अपने साथियों को राजफाश हो जाने की जानकारी दे दी। इस पर बुधवार को एक कार में सवार होकर तीन लोग कमलेश के घर पहुंचे तथा कविता को साथ ले जाने के लिए दवाब डालने लगे। कमलेश ने चालाकी से काम लेते हुए उन्हें रात भर रोककर रखा। तथा जैसे ही दुल्हन कविता ने साड़ी उतारकर सलवार सूट में साथियों के साथ रवानगी ली एसडीओपी हाकिम सिंह यादव को सूचित कर दिया।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दुल्हन कविता उर्फ निक्की, उसके दो साथियों कैलाश यादव और पारस चौरसिया को गिरफ्तार कर लिया। जबकि एक साथी भाग निकला। पुलिस को इस मामले में दलाल नारायण गोयल, शीला ठाकुर, फरीदा उर्फ पूजा शर्मा , कथित चाचा अजय शर्मा, सुनीता शर्मा, गोरा आंटी और भाई आशीष शर्मा की तलाश है। सभी के खिलाफ धारा 420, 120 बी, 294, 506 बी के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
यह सीधा सीधा शादी के नाम पर की गई धोखाधड़ी का मामला है। जिसमें आरोपियों के एक रैकेट ने साजिश रचकर नकली शादी करवाई और फिर दुल्हन को भगाकर ले जाने की कोशिश की। पुलिस मामले की तह तक जाकर पूर रैकेट का भंडाफोड़ कर देगी।
डीआर तेनवार, एडीशनल एसपी, श्योपुर।