HomeNewsMetrosBhopal Bhopal

मप्र कैडर में आएंगे महिला आईपीएस अफसरों के पति

भोपाल. मध्यप्रदेश कैडर में भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अफसरों की पूर्ति राज्य शासन भले ही नहीं कर पा रहा हो, लेकिन इस काम को इसी कैडर की महिला अधिकारी करने की कोशिश कर रही है।

आईपीएस वर्ष 2007 बैच के चार अधिकारियों को मप्र कैडर आवंटित हुआ है। इनमें रुचिका जैन, कुमार सौरभ, असलम खान और सचिन कुमार अतुलकर शामिल हैं। बैच में रुचिका और असलम खान महिला आईपीएस अफसर हैं।

रुचिका के पति आकाश जिंदल भी आईपीएस अफसर हैं, लेकिन वे केरल कैडर में 2006 बैच के अधिकारी हैं। सूत्र बताते हैं कि पत्नी की वजह से आकाश जिंदल मप्र कैडर में आना चाहते हैं। उन्होंने गृह मंत्रालय में कैडर परिवर्तन के लिए आवेदन दिया है और उनके आवेदन को मप्र मंत्रालय भेज दिया गया है। इस पर आगे राज्य शासन को कार्रवाई करना है। हाल ही में श्री जिंदल ने अपर मुख्य सचिव गृह विनोद चौधरी से मुलाकात कर मप्र कैडर में आने की इच्छा व्यक्त की थी।

जानकार सूत्रों का कहना है कि असलम खान के पति का चयन भी अखिल भारतीय सेवा में हो गया है। अखिल भारतीय सेवा की कौन-सी सेवा में उन्हें स्थान मिलता है, इसका अभी फैसला नहीं हुआ है। मगर उच्च पदस्थ सूत्र बताते हैं कि संभवत: असलम के पति को आईपीएस ही मिलेगा।

असलम के मप्र कैडर में होने कारण वे अपने पति को भी यहां लाने की इच्छुक हैं। इससे प्रदेश में जूनियर स्तर के दो अधिकारियों की कमी दूर होगी। गौरतलब है कि आईपीएस अधिकारियों की कमी के चलते मप्र के पांच जिलों में एसपी और तीन बटालियनों में सेनानी के पद पर राज्य पुलिस सेवा के अधिकारी पदस्थ हैं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: