भोपाल. लंबे समय से अटकलों में झूल रहे कोकता में तैयार ट्रांसपोर्ट नगर की बसाहट का रास्ता साफ हो गया है। अब ट्रांसपोर्टर्स को प्रीमियम राशि पर 7.50 प्रतिशत लीज रेंट प्रति वर्ष देना होगा। ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने सहमति जताते हुए आवंटन एवं व्यवस्थापन में नगर निगम को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
ट्रांसपोर्टर की समस्याओं के समाधान को लेकर गुरुवार को नगर निगम और शहर के ट्रांसपोर्टर संगठनों के बीच एक बैठक हुई। जिसमें ट्रांसपोर्ट नगर के प्लाट आवंटन के लिए प्रीमियम भुगतान की प्रक्रिया को सरल करने समेत महत्वपूर्ण मुद्दों पर निर्णय लिए गए। नगर निगम आयुक्त मनीष सिंह ने बताया कि प्रीमियम को भूमि का मूल्य मानते हुए उस पर नियमानुसार लीज रेंट लिए जाने के संबंध में जो प्रस्ताव ट्रांसपोर्टरों ने दिया था।
उसे निगम परिषद द्वारा स्वीकृत कर लिया गया है। बैठक में ट्रांसपोर्ट नगर के भविष्य में रखरखाव एवं विकास के लिए महापौर की अध्यक्षता में एक समिति पंजीकृत कराने का निर्णय लिया गया। निगम ने ट्रांसपोर्टर के समक्ष प्लाट की राशि जमा करने की प्रक्रिया के संबंध में दो विकल्प रखे। एक आवंटी को आरंभ में दस फीसदी राशि करने के बाद आवंटन की लिखित सूचना दी जाएगी, जिसके आधार पर बैंकों से ऋण मिलने में आसानी होगी।
प्लाट की प्रीमियम की संपूर्ण राशि नगर निगम में जमा करने पर तत्काल आवंटी के पक्ष में लीज रेंट का निष्पादन किया जाएगा। जबकि दूसरा विकल्प शुरुआत में 10 फीसदी निक्षेप राशि जमा करने पर आवंटी को शेष राशि समान किस्तों में आगामी पांच माह में जमा करने का अवसर दिया जाएगा।
संपूर्ण राशि जमा करने के बाद तत्काल पट्टा निष्पादित कर दिया जाएगा। ट्रांसपोर्टरों ने दोनों विकल्पों पर सहमति व्यक्त की और अपनी सुविधानुसार विकल्प चुनने को कहा। बैठक में अपर आयुक्त अरविंद दुबे, नगर यंत्री प्रोजेक्ट अशोक खरे, प्रदीप वर्मा तथा सभी प्रतिष्ठित ट्रांसपोर्टर एसो. के पदाधिकारी मौजूद थे।
इसलिए उलझी थी योजना
जमीन की कीमत में विकास शुल्क सम्मिलित कर इस राशि पर सालाना सात फीसदी लीज रेंट लिया जाना था। अब लीज रेंट सिर्फ जमीन की कीमत पर देना होगा।
नगर निगम ने ट्रांसपोर्टरों की समिति बनाई
नगर निगम द्वारा ट्रांसपोर्ट नगर में भूखंडों के आवंटन एवं व्यवस्थापन प्रक्रिया की छानबीन के लिए एक समिति गठित की गई। जिसमें ऑल इंडिया ट्रांसपोर्टर एसोसिएशन, श्री भोपाल ट्रांसपोर्टर एसोसिएशन और भोपाल ट्रांसपोर्टर एसोसिएशन के पदाधिकारियों को शामिल किया गया। जिसमें ठाकुरलाल राजपूत, अशोक मालपानी, अब्दुल वहीद, राजेंद्र सिंह बग्गा, जीवनलाल छतवाल, जितेंद्र सिंह गिल, अजय शर्मा, ब्रजगोपाल शर्मा, अशोक गुप्ता, मंजर अली, हरगोविंद चौकसे, सुधीर वाजपेयी आदि हैं।
प्रस्तावित योजना
कोकता में ट्रांसपोर्ट नगर का प्रथम चरण लगभग तैयार है। कुल 300 एकड़ में तीन फेस में बनने वाले इस नगर में 423 प्लाट काटे जाना है, पहले चरण में ए और बी में प्लाट आवंटित होंगे। फिलहाल ए फेज में सड़कें और बिजली की व्यवस्था की जा चुकी है।
क्या सुविधाएं होंगी
>> पुलिस चौकी
>> एटीएम
>> बैंक
>> सुलभ कॉम्प्लेक्स
>> सड़कें
>> बिजली
>> पानी की व्यवस्था