अजमेर. राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने वर्ष 2008 की पूरक परीक्षाएं गुरुवार को अचानक एक हफ्ते आगे खिसकाने का निर्णय किया। परीक्षाएं अब 18 अगस्त की बजाय 25 अगस्त से होंगी। फीस जमा कराने की तारीख भी बढ़ा दी गई है।
बोर्ड सचिव मिरजू राम शर्मा ने बताया कि पूरक परीक्षा का सामान्य परीक्षा शुल्क अब 24 जुलाई तक बिना विलंब शुल्क स्वीकार किया जाएगा। दोगुने परीक्षा शुल्क के साथ 28 जुलाई तक परीक्षा शुल्क जमा कराया जा सकता है। नियमित परीक्षार्थियों का सामान्य शुल्क 250 रुपए तथा स्वयंपाठियों का शुल्क 325 रुपए है।
एक हजार रुपए असाधारण विलंब शुल्क के साथ परीक्षा आरंभ होने की तिथि तक परीक्षा केन्द्र पर जमा कराया जा सकेगा। शर्मा के मुताबिक परीक्षा के लिए अलग से फार्म जमा नहीं कराना है। सिर्फ परीक्षा शुल्क जमा कराना है। नियमित विद्यार्थी संबंधित विद्यालयों में तथा स्वयंपाठी परीक्षार्थी अपने मुख्य परीक्षा केन्द्र पर शुल्क जमा करा सकते हैं। प्रवेश पत्र भी वहीं से ही मिलेगा।
बोर्ड के आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक परीक्षा आगे खिसकाने के पीछे मुख्य कारण दसवीं की अंकतालिकाएं परिणाम घोषित होने के सत्रह दिन बाद भी स्कूलों तक नहीं पहुंच पाना है। बोर्ड में लाखों विद्यार्थियों की अंकतालिकाएं जांच के लिए पड़ी हैं। यही कारण है कि बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को यह जानकारी ही नहीं है कि उसे किस विषय में पूरक परीक्षा देनी है। बोर्ड ने प्रदेश के अनेक स्कूल संचालकों से परीक्षा शुल्क मांगा तो जवाब मिला कि अंकतालिकाओं के बिना शुल्क कैसे जमा कराया जाएं।
प्रवेश की आखिर तारीख भी बढ़ी थी
बोर्ड में अंकतालिकाओं को लेकर इस बार काफी मारा-मारी रही। सीनियर सेकंडरी परीक्षाओं की अंकतालिकाएं समय पर नहीं पहुंच पाने के कारण ही बोर्ड को राज्य सरकार से आग्रह करना पड़ा था कि कॉलेजों में प्रवेश की अंतिम तारीख बढ़ाई जाए। बोर्ड की ढिलाई के कारण राज्य सरकार को प्रवेश की अंतिम तारीख भी एक हफ्ते आगे खिसकानी पड़ी थी।
सभी स्कूलों को अंकतालिकाएं भिजवा दी गई हैं। यदि किसी विद्यालय को अंकतालिकाएं प्राप्त नहीं हुई हों तो भी वह पूरक परीक्षा योग्य विद्यार्थियों से परीक्षा शुल्क प्राप्त कर बोर्ड को जमा कराएं।
- मिरजू राम शर्मा, सचिव राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड