HomeNewsRajasthanAjmer Ajmer

प्यास से भड़का गुस्सा

अजमेर. जलदाय महकमे की मनमानी से खफा भूणाबाय के ग्रामीणों ने गुरुवार को विश्वविद्यालय तिराहा के निकट जयपुर रोड पर जाम लगा दिया। वे पिछले दो वर्षे से पानी के कनेक्शन नहीं दिए जाने, तिस पर सरकारी नल भी बंद कर दिए जाने से नाराज थे। डेढ़ घंटे तक रास्ता जाम के बाद पीएचईडी अधिशासी अभियंता के लिखित आश्वासन पर ग्रामीणों ने रास्ता खोला।

गुरुवार को लगभग 12 बजे ग्रामीणों ने जयपुर रोड पर कांटे व लकड़ियां बिछाकर और टायर जलाकर जाम लगा दिया। देखते ही देखते रोड के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने ट्रैफिक जाम होने से बचाने के लिए माध्यमिक शिक्षा बोर्ड तिराहा और विश्वविद्यालय तिराहा से वाहनों का मार्ग परिवर्तित कर दिया।

कनेक्शन मिलने पर ही रास्ता खोलने की जिद पर अड़े ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचे अधिशासी अभियंता सुधीर मिश्रा का घेराव करते हुए नारेबाजी की। आखिर भाजपा नेता भंवरसिंह पलाड़ा की समझाइश पर ग्रामीणों ने एक्सईएन की ओर से दस दिन में कनेक्शन दे दिए जाने के लिखित आश्वासन पर दोपहर 1. 40 बजे रास्ता खोल दिया। जाम लगाने वालों में गांव के मगन सिंह, दुर्गा सिंह, हनुमान सिंह, मनभर देवी और कमला देवी आदि ग्रामीण प्रमुख थे।

मनमानी व पक्षपात
ग्रामीणों ने बताया एक तरफ आवेदन के दो वर्ष बाद भी कनेक्शन नहीं दिए गए हैं। बुधवार को गांव मे लगे दो सरकारी नल भी बंद कर दिए गए। दूसरी ओर गांव में ही एक रिटायर्ड आईएएस डीआर जोधावत और आरएएस विनीता श्रीवास्तव सहित अन्य प्रभावशाली लोंगों के घर कनेक्शन दे दिए गए।

रावत की लाचारी
जिला परिषद सदस्य श्रवण सिंह रावत जाम खुलवाने पहुंचे तो ग्रामीणों ने उनसे नाराजगी जाहिर की। ग्रामीणों का कहना था कि दो वर्ष से वे सिर्फ आश्वासन दे रहे हैं और अब सरकारी नल भी बंद हो गया। ग्रामीणों का गुस्सा देखकर रावत भी एक तरफ जाकर बैठ गए। रावत ने कहा कि उन्होंने जिला परिषद की बैठक में मुद्दा उठाया है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

वीआईपी को नहीं आने देंगे
ग्रामीणों ने कहा कि यदि दस दिन में कनेक्शन नहीं मिले तो वे जयपुर रोड से आने जाने वाले वीआईपी और मंत्रियों को नहीं आने देंगे। जिस दिन सीएम आएंगी उसी दिन वापस जाम लगा देंगे।

ठेकेदार को दिए पैसे
ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने अमर सिंह ठेकेदार को गांव में पानी के कनेक्शन कराने के लिए पैसे दिए थे। उधर, मिश्रा ने साफ किया कि जिसके पास शुल्क जमा की रसीद होगी उसके घर पर ही कनेक्शन दिया जाएगा।

डंडे बरसाए जाम को तोड़कर निकलने का प्रयास करने वाले वाहन चालकों पर ग्रामीण महिलाओं ने डंडे बरसाए तो वाहन चालक वहां से भाग छूटे। गांव को पीसांगन पैकेज में लिया गया है। जिसमें 113 गांवों को पानी पहुंचाया जाएगा। योजना फिलहाल विचाराधीन है। सरकार को रिपोर्ट भेज रहे है।
-सुधीर मिश्रा, अधिशासी अभियंता





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: