जयपुर. पांडिचेरी में उप राज्यपाल बनाए जा रहे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री गोविंदसिंह गुर्जर शुक्रवार सुबह तक राजस्थान विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे देंगे।
विधानसभा अध्यक्ष सुमित्रासिंह के गुरुवार को दिल्ली चले जाने के कारण वे इस्तीफा नहीं दे सके थे। बाद में विधानसभा अध्यक्ष से बात होने के बाद वे इस्तीफा देने के लिए दिल्ली ही रवाना हो गए। केन्द्र की ओर से गुर्जर को शुक्रवार तक पांडिचेरी पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।
विधानसभा का सत्र समाप्त होने के बाद गुर्जर को केन्द्रीय गृहमंत्री का संदेश मिला कि विधायक पद से इस्तीफा देकर पांडिचेरी पहुंच जाएं। इस पर उन्होंने विस अध्यक्ष सुमित्रासिंह से संपर्क किया तो वे दिल्ली के लिए रवाना हो चुकी थीं। फोन पर बात हुई तो उन्होंने उन्हें दिल्ली आकर ही इस्तीफा देने को कहा।