News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. बरौंदा के कालेज छात्र की हत्या कर पांच लाख रुपए की लूट के मामले में पुलिस को किसी लोकल गिरोह पर शक है। पुलिस ने बरौंदा समेत माना, मंदिरसौद और अभनपुर थाना क्षेत्र के एक-एक गांव में संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस को हत्यारों का कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है। हमले में मृतक साकेत के दादा ननकू रात्रे को भी चोटें आई हैं। फिलहाल वे खतरे से बाहर हें।
हत्याकांड के एकमात्र चश्मदीद ननकू के बताए हुलिए पर पुलिस की जांच टिक गई है। बताते हैं, सामान्य कदकाठी के दोनों लुटेरे छत्तीसगढ़ी मिश्रित हिंदी में गाली-गलौज कर रहे थे। वारदात के तरीके को देखते हुए भी अफसरों को अंदेशा है कि हमलावर आसपास के ऐसे युवक हो सकते हैं, जो मृतक अथवा उसके परिवार के बारे में काफी जानकारी रखते हों।
आरोपियों को इस बात की जानकारी थी कि रात्रे परिवार ने बकतरा के जगनू यादव से 12 लाख रुपए में एक एकड़ जमीन खरीदी थी। जमीन के इसी सौदे के बयाने के तौर पर विक्रेता को पांच लाख रुपए देने वाले थे। कल दोपहर ननकू अपने पोते साकेत के साथ मोटरसाइकिल से देवपुरी स्थित यूनियन बैंक गए। वहां जिस वक्त वे रकम निकाल रहे थे, टिकरापारा पुलिस बैंक की खामियों की जांच में जुटी हुई थी।
इस दौरान पुलिस ने ननकू और साकेत से भी पूछताछ की और दस्तावेज का परीक्षण किया था। रकम निकालने के बाद बकतरा जा रहे थे, तभी रास्ते में लुटेरों ने साकेत की हत्या कर दी और पांच लाख रुपए लेकर भाग गए। घटना के बाद से आला अफसर माना थाने में कैंप किए हुए हैं। बरौंदा, देवपुरी, मंदिरहसौद, अभनुपर समेत पुलिस ने आज कई जगह छापे मारे।
आधा दर्जन से ज्यादा संदिग्ध पकड़े गए। उनसे थाने में कड़ी पूछताछ की गई, लेकिन पुलिस को कोई क्लू नहीं मिला। इनमें से ज्यादातर को छोड़ दिया गया है, लेकिन उन पर सतत नजर रखी जा रही है। हत्याकांड की जांच कर रही पुलिस को पता चला है कि लुटेरों ने हत्या करने से पहले आसपास के किसी पेट्रोल पंप पर अपनी मोटरसाइकिल में पेट्रोल भरवाया था। इस आधार पर इलाके के सभी पेट्रोल पंप वालों से इस बारे में पूछताछ की जा रही है। वारदात से पहले लुटेरों ने शराब पी रखी थी।
जांच टीम गठित
आईजी वाईकेएस ठाकुर और एसपी अमित कुमार ने हत्याकांड की जांच के लिए एएसपी क्राइम अजातशत्रु बहादुर सिंह की अगुवाई में एक जांच टीम बनाई है। माना सीएसपी जीएस बांबरा, क्राइम ब्रांच के टीआई सत्येंद्र पांडे के अलावा माना, अभनपुर, मंदिरहसौद टीआई तथा माना थाने का स्टाफ भी इसमें शामिल किया गया है।
ऐसे हुई वारदात
बरौंदा में जिस नहर पुलिया पर लुटेरों ने वारदात को अंजाम दिया, वहां वे पहले से शराब पीकर साकेत और उसके दादा के लौटने का इंतजार कर रहे थे। वारदात से पहले लुटेरों ने घटना स्थल के पास अपनी मोटरसाइकिल खड़ी कर शराब पी रहे थे। युवक को आरोपियों ने वहां से पीछा किया। थोड़ी दूर जाकर युवक लघु शंका के लिए रुका, लुटेरे उसके पास आ गए और गुप्ती लहराते हुए गाली-गलौज करने लगे।
विरोध करने पर लुटेरों ने गुप्ती से युवक की छाती पर वार कर दिया। युवक गिर पड़ा। संभलकर खड़ा हो पता तब तक वे उसके दादा पर भी हमला करने के बाद रुपए का थैला लेकर भाग चुके थे। आज पोस्टमार्टम के बाद मिली पीएम रिपोर्ट से स्पष्ट हो गया है कि युवक की मौत गुप्ती के गहरे घाव से उसका दिल पंचर होने से हुई।
देर से पहुंची पुलिस
पुलिस घटना स्थल पर डेढ़ घंटे बाद पहुंची। तब तक लूटपाट कर हत्यारे भागने में कामयाब हो गए। नाकेबंदी का भी कोई खास असर नहीं दिखा। नाकेबंदी के दौरान कल शाम से रात तक पुलिस आउटर में नजर तक नहीं आई। आने जाने वाले से पूछताछ भी नहीं की गई।