HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

छत्तीसगढ़ की बेटियों ने मारा लंबा हाथ

रायपुर. girl छत्तीसगढ़ की महिलाओं ने रोजगार गारंटी योजना में 600 करोड़ रुपए कमाए। यहां योजना में उनकी भागीदारी 42.05 फीसदी रही। पूरे देश में राजस्थान के बाद छग ही ऐसा राज्य है, जहां महिलाओं ने इतनी मेहनत की।

पहले नंबर पर रहे राजस्थान की महिलाओं में इस योजना में काम कर करीब 1000 करोड़ रुपए की कमाई की। यहां उनकी भागीदारी 69 फीसदी रही। इसके बाद छग का नंबर है। केंद्र सरकार की समीक्षा में यह बात भी सामने आई कि राज्य में कोरबा और जांजगीर, सरगुजा और कवर्धा जैसे पिछड़े जिलों में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है।

यहां की महिलाएं कितनी कामकाजी हैं, यह केंद्र के आंकड़ों से भी साबित हो रहा है। राज्य में रोजगार गारंटी योजना की ज्वाइंट कमिश्नर शालिनी रैना के अनुसार इस योजना में कम से कम एक तिहाई महिलाओं को रोजगार देना आवश्यक है। राज्य की महिलाएं उससे कहीं आगे है। राज्य ने न केवल केंद्र के मापदंडों को पूरा किया है बल्कि उससे आगे बढ़कर बता दिया है कि छत्तीसगढ़ कहने भर को पिछड़ा और आदिवासी राज्य है।

पंजाब और उत्तरप्रदेश जैसे बड़े राज्यों में महिलाओं के कामकाज की स्थिति बहुत बुरी है। वहां तो 20 प्रतिशत का आंकड़ा भी पार नहीं हो रहा है। छत्तीसगढ़ ने भी यह उपलब्धि तब पाई है जब राज्य के एक प्रमुख बड़े जिले दुर्ग को योजना में शामिल नहीं किया गया था। इस साल दुर्ग जिला भी योजना में शामिल हो गया है।

रोजगार गारंटी योजना के तहत छत्तीसगढ़ के पुराने 15 जिलों में वर्ष 2007-08 के लिए 28 लाख 75 हजार 796 पंजीयन हुए थे। इस साल दुर्ग जिले को भी योजना में शामिल कर लिया गया है। इस साल 32 लाख 18 हजार 129 पंजीयन कराए गए हैं।

केंद्र सरकार की रिपोर्ट के अनुसार छत्तीसगढ़ ने वर्ष 2007-08 में आबंटित फंड 1517.55 करोड़ रुपए में से 1401.83 करोड़ रुपए खर्च किए। राज्य में कुल 1316.10 लाख रोजगार दिवस निर्मित हुए। इनमें से 553.41 लाख रोजगार दिवस महिलाओं ने काम किया। इस योजना के तहत प्रतिदिन 72.23 रुपए मजदूरी दी जाती है।

राज्य की महिलाएं मेहनतकश : मंडल
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव आरपी मंडल ने कहा कि देश में दूसरे स्थान पर महिलाओं का होना जागरुकता की निशानी है। यह बात भी प्रमाणित होती है कि छत्तीसगढ़ की महिलाएं मेहनतकश हैं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: