News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर/पेंड्रा. पेंड्रा-बिलासपुर मुख्य मार्ग में बंजारी घाट, केंदा के पास तकरीबन तीन दर्जन नकाबपोश हथियारबंद लुटेरों ने गुरुवार की रात दो घंटे तक जमकर लूटपाट की। लुटेरों ने लगभग 50 वाहनों को रोककर लाखों रुपए नगद और जेवर लूट लिए। लुटेरों ने राहगीरों से जमकर मारपीट की। इसके बाद वे जंगल की ओर भाग गए। पुलिस ने चारों ओर नाकेबंदी कर ली है। खबर लिखे जाने तक लुटेरों की खोजबीन जारी थी।
जानकारी के अनुसार घटना बेलगहना चौकी अंतर्गत ग्राम कारीआम के पास स्थित बंजारी घाट की है। गुरुवार की रात लगभग 7:30 बजे लगभग तीन दर्जन नकाबपोश लुटेरे बिलासपुर-पेंड्रा मेन रोड पर बंजारी घाट में जमा हुए। वे बंदूक, रिवाल्वर, तलवार, चाकू, डंडा, राड आदि से लैस थे। वे एक साथ रास्ते में खड़े हो गए। हथियार दिखाकर वे वाहनों को रोकने लगे।
दुपहिया, चार पहिया, ट्रक सहित जो भी वाहन उस रास्ते से गुजरा, उसे रोककर लुटेरों ने बीच रास्ते में खड़े करवा दिया। इससे रोड पूरी तरह जाम हो गया। उन्होंने वाहनों में सवार राहगीरों को नीचे उतारकर जमकर मारपीट की और उनसे नगद रकम, जेवरात, मोबाइल हैंडसेट आदि लूट लिए। लगभग 9:30 बजे तक उन्होंने रोड में आराम से लूटपाट की। इसके बाद वे पैदल ही जंगल की ओर भाग निकले।
लुटेरों ने ग्राम चुआबहरा निवासी शिक्षक आरएस क्षत्रिय व उनके साथ बाइक पर आ रहे रवींद्र पनारिया तथा रामरतन पुरी से मारपीट कर उनके पास से कुल 16 हजार रुपए नगद और तीन मोबाइल हैंडसेट छीन लिए। ट्रक क्रमांक सीजी 10, 1257 के चालक बानू सिंह से 500 रुपए लूट लिए। इसी ट्रक में पीछे बैठे मजदूरों और हेल्पर से मारपीट कर 1 हजार रुपए भी छीन लिए।
स्कार्पियो क्रमांक बीआर 04, 9445 से आ रहे उमर खान को रुकवाकर लुटेरों ने उनसे 43 हजार रुपए नगद, दो मोबाइल हैंडसेट और घड़ी लूट ली। बाइक सवार पेंड्रा निवासी बीमा एजेंट मुरारी कश्यप से 50 हजार व रामावतार साहू से 38 हजार रुपए नगद छिन लिए गए। पेंड्रा के ही राजेश गुप्ता से मारपीट कर छह हजार, तीन सौ रुपए और मोबाइल हैंडसेट छिन लिया। कई महिलाओं के जेवर भी छिन लिए गए। लुटेरों ने दो घंटे में लगभग 50 वाहन सवारों के साथ लूटपाट की।
घटना की सूचना मिलने पर एसपी प्रदीप गुप्ता मौके के लिए रवाना हुए। साथ ही गौरेला, पेंड्रा, रतनपुर व कोटा पुलिस भी वहां पहुंच गई। चारों ओर नाकेबंदी कर दी गई है। जंगल में लुटेरों की तलाश की जा रही थी। समाचार लिखे जाने तक कोई भी आरोपी गिरफ्तार नहीं हो सका था।
सरगुजिहा और बिहारी बोल रहे थे लुटेरे
घटना के शिकार व्यक्तियों के अनुसार लुटेरों की संख्या तकरीबन तीन दर्जन थी। सभी हथियारबंद थे। उनमें से कुछ बिहारी भाषा में बात कर रहे थे और कुछ सरगुजिहा बोली बोल रहे थे। घटना को अंजाम देने के बाद वे पैदल ही जंगल की ओर भाग गए। पुलिस जंगल में सर्चिग कर रही है।
ढाबे का फोन भी काटा
जिस स्थान पर लुटेरों ने घटना को अंजाम दिया, वहां से कुछ दूरी पर ग्राम कारीआम में एक ढाबा है। वारदात से पहले लुटेरे ढाबे में पहुंचे और वहां का फोन काट दिया, ताकि घटना की सूचना पुलिस को न दी जा सके।
जमकर की मारपीट
लुटेरों ने राहगीरों से लूटपाट के साथ उनसे जमकर मारपीट भी की। मुरारी कश्यप ने टाइम देखने के लिए मोबाइल निकाला, तो लुटेरों ने उसके सीने पर रिवाल्वर टिका दिया। वहीं पेंड्रा निवासी एक व्यक्ति ने रिश्तेदार को बताने के लिए मोबाइल निकाला, तभी लुटेरों की नजर पड़ने की वजह से उसकी जमकर पिटाई हुई। गाड़ियों को रुकवाते ही लुटेरे राहगीरों पर पिल पड़ते थे।
बेलगहना पुलिस को बताओ
जब लुटेरे रास्ते में वाहनों को रुकवाकर लूटपाट कर रहे थे, तब वहां फंसे एक व्यक्ति ने हिम्मत कर पेंड्रा थाने में पदस्थ एक एएसआई को फोन किया। उसने फोन पर उसे घटना की जानकारी दी। पूरा मामला सुनने के बाद पुलिसकर्मी ने इसे बेलगहना चौकी क्षेत्र का मामला बताते हुए वहां सूचना देने की बात कह दी। इस बीच लुटेरे वहां पहुंच गए और सूचना दे रहे व्यक्ति को फोन काटना पड़ा।