HomeNewsMetrosIndore Indore

तीन दिन में दो छात्रों का अपहरण

इंदौर. सोमवार सुबह एआईईईई की तैयारी कर रहा शिवपुरी के डिप्टी रेंजर ओपी पुरोहित का पुत्र विवेक पेन खरीदने का कहकर घर से निकला और लापता हो गया। बहन नेहा को कुछ घंटे बाद उसने फोन कर अपहरण होने की बात कही और बताया वह उज्‍जौन के पास है।

पलासिया पुलिस ने तस्दीक शुरू की तो पता चला अप्रैल में इंदौर आने के बाद से वह गिनती के ही दिन कोचिंग गया। घरवालों को कहना है उसका किसी से विवाद नहीं था और ना ही घर पर उसका झगड़ा हुआ। जबकि पुलिस को यही लग रहा है कि उसका परिजन से विवाद हुआ था।

उज्‍जौन में सर्चिग
सीएसपी इरमिन शाह ने बताया पुलिस ने घटना के बाद से पुलिस की टीमें उज्‍जौन में सक्रिय हैं। वहां के होटलों, अस्पतालों, बस-रलवे स्टेशन तथा हर संभावित स्थान को तलाशा जा रहा है। तीन दिनों में उसका मोबाइल एक बार भी चालू नहीं हुआ। उधर, पुलिस ने विवेक के लगभग सभी रिश्तेदारों के यहां भी तलाश कर ली है। बुधवार को एक अन्य टीम को उज्‍जौन के आसपास के इलाकों को खंगालने के लिए भेजा गया है। टीआई अशोक राणा ने बताया फिरौती को लेकर भी अब तक न कोई फोन परिजन को आया है।

पिता के सामने अपह्रत बेटा भी नहीं मिला
बुधवार रात खरगोन के मत्स्य विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारी बैनी माधव के बेटे सावन को लोखंडे पुल के पास उनके सामने ही बाइक सवार बदमाश उठा ले गए। उसके पास भी मोबाइल था, जो घटना के बाद से बंद है। सदर बाजार पुलिस ने रातभर शहर में घेराबंदी कर छानबीन की, लेकिन हाथ कुछ नहीं आया।

उसके परिजन से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस कई लोगों के यहां दबिश डाली, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। उसके घर पर मिले शायरी लिखे पन्नों के आधार पर प्रेम-प्रसंग के बिंदु पर भी तफ्तीश की जा रही है। यह भी पता चला है कि वह बीकॉल सेकेंड इयर के लिए ठक्कर कोचिंग क्लास जाता था। लोगों के मुताबिक उसके साथ एक युवती भी आती-जाती थी।

सालभर पहले दोनों ने एकसाथ ही कोचिंग जाना बंद कर दिया था। पुलिस उस युवती की जानकारी भी निकाल रही है। सावन के एक दोस्त मुरली को भी ढूंढा जा रहा है। टीआई जेडी भोंसले ने बताया इसके अलावा भी घरवालों से जो जानकारियां मिल रही हैं उन सभी को तफ्तीश में लिया जा रहा है।

आरोपी दो थे?
टीआई ने बताया घटना के प्रत्यक्षदर्शी एक युवक के अनुसार बाइक सवार दो लोग थे, जो बीच में सावन को बैठा कर ले गए। जबकि सावन के पिता ने तीन लोगों के होने की जानकारी दी थी। कुछ लोगों से पुलिस को बाइक के नंबरों में कुछ अंक की जानकारी लगी है। उसकी पूरी सिरीज चेक की जा रही है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: