इंदौर. मास्टर प्लान-2021 में तय चौड़ाई के मुताबिक अगले दो साल में सड़कें बनाने के लिए एक्शन प्लान तैयार होगा। यह प्लान नगर निगम और इंदौर विकास प्राधिकरण मिलकर बनाएंगे।
नगर निगम फीडर रोड फेज-2 बनाने वाली प्रतिभा कंपनी की विदाई करेगा और इसके लिए कंपनी को 15 दिन का नोटिस दिया जा रहा है। लंबे समय से निगम कंपनी की ढीलपोल से काफी बदनामी झेल रहा है।
निर्णय संभागायुक्त बसंतप्रताप सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिए गए। कलेक्टर आर.के. श्रीवास्तव, निगमायुक्त नीरज मंडलोई, प्राधिकरण अध्यक्ष मधु वर्मा और सीईओ प्रमोद गुप्ता की मौजूदगी में तय किया गया मास्टर प्लान के अनुरूप चौड़ी सड़कें बनाने का काम तेजी से होगा। निगम और प्राधिकरण के अधिकारी तय करेंगे कि कौन सी सड़क कौन बनाएगा? एबी रोड पर बन रहे बीआरटीएस कॉरिडोर की धीमी गति को भी लेकर चर्चा हुई। कमिश्नर ने कहा यह महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है इसलिए इसमें सभी विभाग अपना मत रखें। जल्द ही एक और बैठक होगी।
ओपीडी के लिए प्राधिकरण को फटकार
बैठक में संभागायुक्त ने एमवाय हॉस्पिटल में बन रही ओपीडी की धीमी गति के लिए प्राधिकरण अधिकारियों को फटकारते हुए कहा इसके काम में तेजी लाएं। यही आदेश उन्होंने निर्माणाधीन कलेक्टोरेट के लिए भी दिए। प्राधिकरण अफसरों ने उन्हें बताया शहर में प्रस्तावित कन्वेंशन सेंटर के लिए टेंडर बुला लिए गए हैं।
अंतरराज्यीय बस स्टैंड के लिए विजयनगर की जमीन राज्य परिवहन निगम से मिलने की स्वीकृति मिल गई है। जैसे ही जमीन का कब्जा मिलेगा, काम शुरू कर देंगे। अधिकारियों ने बताया नए ट्रांसपोर्टनगर के लिए सर्वे शुरू हो गया है। संभागायुक्त ने कमजोर आय वर्ग के लोगों के बारे में जानकारी भी ली। उन्हें बताया गया प्राधिकरण ने स्कीम-134 व 140 में इन लोगों की व्यवस्था की है। लोग भी इसे पसंद कर रहे हैं।
स्कीम-134 व 140 के नक्शे जल्दी पास होंगे
निगमायुक्त ने संभागायुक्त को आश्वस्त किया कि प्राधिकरण की स्कीम-134 और 140 के नक्शे पास करने की प्रक्रिया जल्दी शुरू होगी क्योंकि नर्मदा प्रोजेक्ट की राशि का पैसा प्राधिकरण से मिल गया है। संभागायुक्त ने निगमायुक्त से कहा प्राधिकरण से निगम को हस्तांतरित हुई नौ कॉलोनियों में बचे विकास के काम पूरे कराएं। निगमायुक्त ने बताया निगम प्राधिकरण की कुछ और कॉलोनियों में भी विकास करने की योजना बना रहा है।
प्रतिभा से काम छीनेंगे, चार करोड़ भी वसूलेंगे
नगर निगम ने फीडर रोड जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट का काम ले चुकी प्रतिभा कंपनी को काम से मुक्त करने की लगभग पूरी तैयारी कर ली है। इसके लिए कंपनी को जल्द ही 15 दिन का नोटिस थमाया जाएगा, साथ ही चार करोड़ रुपए की पैनल्टी भी वसूलेगा।
बैठक में यह जानकारी निगमायुक्त ने दी। उन्होंने बताया फूटी कोठी रोड और महेश गार्ड लाइन रोड के काम पूरी तरह असंतोषजनक हैं और यदि इसी गति से काम चलता रहा तो सड़कें बनने में वर्षो लग जाएंगे। दिलचस्प बात यह है कि यह साल कंपनी का रजत जयंती वर्ष है। फीडर रोड फेज एक में कंपनी ढीली कार्यप्रणाली के चलते एक सड़क भी पूरी नहीं बना पाई है। वहीं फीडर रोड प्रोजेक्ट फेज-2 का काम लेने वाली सोम प्रोजेक्ट्स प्रा.लि. तेजी से काम कर रही है।