News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. हाल ही में नियुक्त शिक्षाकर्मियों को पढ़ाने से पहले खुद पढ़ाई करनी होगी। सर्व शिक्षा अभियान द्वारा शिक्षाकर्मियों के लिए एक महीने का आवासीय प्रशिक्षण प्रारंभ करने जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत जिले के 15 सौ शिक्षाकर्मियों को ट्रेनिंग दी जाएगी, जिसमें प्रायमरी स्तर के बच्चों को पढ़ाने के तरीके सिखाए जाएंगे।
सर्व शिक्षा अभियान द्वारा नवनियुक्त शिक्षाकर्मियों को पढ़ाने के लिए 18 मास्टर ट्रेनर तैयार किए गए हैं। प्रशिक्षण के लिए जिले में छह केंद्र बनाए गए हैं, जहां प्रत्येक केंद्र में 3 मास्टर ट्रेनरों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण लेने वाले शिक्षाकर्मियों के लिए अलग-अलग स्थानों पर केंद्र स्थापित किया गया है। इसके तहत पेंड्रा, गौरेला, कोटा एवं मरवाही विकासखंड के शिक्षाकर्मियों के लिए डाइट पेंड्रा में प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है। इसी तरह बिल्हा के शिक्षाकर्मियों के लिए बिल्हा,तखतपुर के लिए तखतपुर, मुंगेली व लोरमी के लिए लोरमी, पथरिया के लिए पथरिया एवं मस्तूरी विकासखंड के लिए मस्तूरी में ही प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है।
प्रशिक्षण के दौरान शिक्षाकर्मियों को एक महीने तक प्रशिक्षण केंद्र में ही रहना होगा। इस दौरान उन्हें छोटे बच्चों को खेल-खेल में पढ़ाने की विधि सिखाई जाएगी। प्रशिक्षण के लिए खर्च होने वाली राशि सर्वशिक्षा अभियान के ट्रेनिंग मद से जारी की जाएगी। विभाग के मुताबिक प्रशिक्षण अगले सप्ताह से प्रारंभ किया जाना है, लेकिन फिलहाल इसकी तिथि तय नहीं की गई है।