News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. समहित समूहों द्वारा जिला पंचायत को अब तक कार्यपूर्णता एवं उपयोगिता प्रमाणपत्र प्रस्तुत नहीं किया गया है। ऐसी स्थिति में परियोजना क्रियान्वयन दलों पर दबाव बनाकर समूहों से प्रमाणपत्र लेने के लिए जिला पंचायत सीईओ ने मुख्यालय के कर्मचारियों की डयूटी लगाई है। कर्मचारियों को आगामी आदेश तक पेंड्रा व बिल्हा में रहकर अधूरे काम पूरे कराने होंगे।
जिला पंचायत अंतर्गत संचालित नवां अंजोर परियोजना के तहत जिले के 2025 समहित समूहों को विभिन्न गतिविधियों के संचालन के लिए राशि जारी की गई थी। उक्त राशि का उपयोग किस तरह किया गया है इस संबंध में परियोजना क्रियान्वयन दल के माध्यम से समूहों को जिला पंचायत प्रशासन को उपयोगिता एवं कार्यपूर्णता प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना था। इधर पेंड्रा एवं बिल्हा विकासखंड के ज्यादातर समूहों से प्रमाणपत्र नहीं आने की स्थिति में जिपं प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है।
जिला पंचायत प्रशासन द्वारा मुख्यालय के नवां अंजोर शाखा में पदस्थ चार कर्मचारियों को अनिश्चितकालीन समय के लिए बिल्हा एवं पेंड्रा भेजा जा रहा है। इसके तहत तकनीकी विशेषज्ञ अंजनी कुमार श्रीवास्तव व मानिटरिंग एवं लर्निग विशेषज्ञ राजेश उके को पेंड्रा भेजा जा रहा है। इसी तरह प्रशिक्षण विशेषज्ञ डा.नीलिमा तिवारी व पर्यावरण एवं आदिमजाति विशेषज्ञ नेहा गुप्ता को जनपद पंचायत बिल्हा जाने का आदेश जारी किया गया है।
सीईओ अवकाश पर, झा प्रभार में
जिला पंचायत सीईओ संगीता पी 19 जुलाई से 5 अगस्त तक के लिए अवकाश पर चली गई हैं। इस दौरान एडीशनल सीईओ प्रभात झा सीईओ के प्रभार पर रहेंगे।