News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior शिवपुरी. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यदि एक बार फिर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी तो जनता यह भूल जाएगी कि बिजली कैसे गुल होती है।
बिजली, पानी समेत हर उस समस्या को दूर किया जाएगा, जिससे जनता जूझ रही है। उन्होंने कांग्रेस के 50 साल के राज्य की तुलना भाजपा के गुजरे साढ़े चार साल के राज्य से करते हुए कहा कि न केवल बिजली की हालत सुधरी है, बल्कि 13 लाख हेक्टेयर में सिंचाई की सुविधा विकसित हुई है और अब हमारा राज्य बीमारू की श्रेणी से उबर चुका है।
श्री चौहान जिला मुख्यालय से 35 किमी दूर अटल सागर (मड़ीखेड़ा बांध) और जल विद्युत परियोजना के लोकार्पण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। इससे पूर्व मुख्यमंत्री श्री चौहान, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, ऊर्जा एवं स्वास्थ्य मंत्री डा गौरीशंकर शेजवार, जल संसाधन मंत्री अनूप मिश्रा ने अटल सागर बांध एवं 60 मेगावाट क्षमता की जल विद्युत परियोजना का लोकार्पण किया।
समारोह में तय कार्यक्रम से डेढ़ घंटे विलंब से पहुंचे मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रदेश में उनकी सरकार द्वारा प्रारंभ की गई योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा किभाजपा की सरकार गरीबों के दुखदर्द दूर करना चाहती है और इसी दिशा में अग्रसर है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के 50 साल के कार्यकाल में प्रदेश में 21 लाख हेक्टेयर क्षेत्र की सिंचाई की सुविधा थी, जिसे महज साढ़े चार साल के कार्यकाल में हमारी सरकार ने 13 लाख हैक्टेयर और बढ़ा दिया है।
श्री चौहान ने अपनी चिरपरिचित शैली में आमसभा में मौजूद जनता से सवाल किए और कांग्रेस के कार्यकाल को कोसते हुए कहा कि उस समय प्रदेश के कर्मचारियों को वेतन नहीं मिलता था, पर आज प्रदेश का खजाना भरा हुआ है और विकास के कार्य हर क्षेत्र में किए जा रहे हैं।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने मुख्यमंत्री की तारीफ की और कांग्रेस को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा सत्ता का उपभोग अपने लिए किया।
ऊर्जा एवं स्वास्थ्य मंत्री डा गौरीशंकर शेजवार ने प्रदेश में बिजली उपलब्धता की जानकारी दी और कहा कि हम पूरी तरह से बिजली संकट हल नहीं कर पाए हैं, लेकिन गत साढ़े चार सालों में 2900 मेगावाट बिजली की क्षमता हमने विकसित की है। जनता को पर्याप्त बिजली देने के लिए बाहर से 8 से 10 रुपए प्रति यूनिट की दर से बिजली खरीदी है।
कार्यक्रम में स्वागत भाषण उपाध्यक्ष बीज विकास निगम रणवीर रावत ने दिया। इससे पूर्व कोलारस विधायक ओमप्रकाश खटीक, भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र जैन, भाजयुमो के प्रदेश मंत्री धैर्यवर्धन शर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता हरिहर शर्मा आदि ने सभा को संबोधित किया।
समारोह में मंच पर जल संसाधन विभाग के प्रमुख सचिव अरविंद जोशी, ईएनसी पीके तिवारी, बांध के चीफ इंजीनियर एचडी जोशी, आईजी डीएस सेंगर, कमिश्नर डा. कोमल सिंह, कलेक्टर मनीष श्रीवास्तव, एसपी डीसी शर्मा, सीईओ जिपं आर के मिश्रा समेत पोहरी विधायक हरिबल्लभ शुक्ला, पूर्व मंत्री भैयासाहब लोधी, पूर्व विधायक कामता प्रसाद बेमटे, गणोश गौतम, मंजुला जैन, शब्बीर खान, जगराम यादव, अनुराग अष्ठाना, गगन खटीक आदि मौजूद थे।
अनूप ने सिंधिया पर निशाना साधा
प्रदेश के जल संसाधन व जिले के प्रभारी मंत्री अनूप मिश्रा ने अटल सागर (मड़ीखेड़ा बांध) और जल विद्युत परियोजना के लोकार्पण समारोह में नाम लिए बिना केन्द्रीय संचार एवं प्राद्यौगिकी मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग चिल्लाते हैं कि हम पायलट प्रोजेक्ट लाए और तालाबों के जीर्णोद्धार की योजना बनाई। पर हकीकत यह है कि यह योजना एनडीए सरकार के कार्यकाल में तैयार की गई है और इसका श्रेय अटल बिहारी वाजपेयी को जाता है।
उन्होंने बांध से ग्वालियर, भिंड, दतिया और शिवपुरी जिले के 453 गांवों में होने वाली सिंचाई की जानकारी दी और कहा कि इस पर तैयार की गई जल विद्युत परियोजना से 60 मेगावाट बिजली बनेगी। साथ ही शिवपुरी, दतिया, मुरार आदि को पानी भी मिलेगा।
श्री मिश्रा ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की तारीफ करते हुए एक मांग रखी कि वे बांध के निर्माण में अपनी जमीन, मकान, खेत, खलिहानों का बलिदान करने वाले परिवारों के नाम पर एक बलिदान स्थली यहां बनाना चाहते हैं, जहां हर साल 18 जुलाई को इन परिवारोंे का मेला लगेगा।
बचत पत्र और परिवार सहायता बांटी
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने संबोधन से पूर्व लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत पांच बालिकाओं की माताओं को बचत पत्र बांटे और बालिकाओं को गोद में उठाकर खिलाया। साथ ही गरीब छात्राओं को पुस्तकें और विधवा महिलाओं को राष्ट्रीय परिवार सहायता के चेक वितरित किए। मुख्यमंत्री ने समारोह में सिंध तीरे नामक पुस्तिका भी विमोचित की। अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।