News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. नये परिसीमन के बाद राजनीतिक नक्शे पर उभरे भितरवार विधानसभा क्षेत्र के चीनौर को अलग से तहसील बनाया जायेगा। यह घोषणा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय से 65 किमी दूर ग्राम करहिया में आयोजित समारोह में की ।
मुख्यमंत्री यहां सिंध परियोजना के द्वितीय चरण में शामिल 860.67 करोड़ की लागत वाली हरसी उच्चस्तरीय नहर परियोजना का भूमिपूजन कर रहे थे।
समारोह के मंच पर भाजपा ग्वालियर की ग्रामीण इकाई के अध्यक्ष बज्जर सिंह गुर्जर के स्वागत भाषण के बाद क्षेत्रीय विधायक बृजेन्द्र तिवारी ने अपने भाषण में प्रदेश सरकार की तमाम उपलब्धियां गिनाने के बाद क्षेत्र की जनता की आवाज के रूप में मुख्यमंत्री के समक्ष कुछ मांगे रखी थीं। इनमें चीनौर को तहसील बनाने, भितरवार में कालेज और करहिया में अस्पताल खोलने के साथ ही क्षेत्र के गन्ना उत्पादक किसानों की बकाया राशि का भुगतान कराने और क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति का समय बढ़ाने की मांग शामिल थी।
विधायक श्री तिवारी की मांगों को सुनने के बाद सीएम ने अपने भाषण में चीनौर को तहसील बनाने की घोषणा मंच से की। कालेज के बारे में उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकार जब भी नया कालेज खोलेगी तो भितरवार उसमें शामिल होगा। गन्ना किसानों के लिए उन्होंने कहा कि कोई भुगतान बाकी नहीं रहने दिया जायेगा।
समारोह को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, जलसंसाधन मंत्री अनूप मिश्रा ने भी संबोधित किया। इस मौके पर प्रदेश के ऊर्जा एवं स्वास्थमंत्री डा. गौरीशंकर शेजवार, नगरीय प्रशासन मंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा, मप्र बीज एवं फार्म विकास निगम के अध्यक्ष महेन्द्र सिंह यादव, भाण्डेर के विधायक डा. कमलापत आर्य, मुरार के विधायक ध्यानेन्द्र सिंह, जिला नागरिक सहकारी बैंक के अध्यक्ष कौशल शर्मा, साडा के अध्यक्ष जयसिंह कुशवाह, जिला पंचायत की अध्यक्ष धन्नोबाई गौ संवर्धन बोर्ड के उपाध्यक्ष पद्म बरैया, जिला भूमि विकास निगम के अध्यक्ष बालमुकुन्द, भितरवार जनपद की अध्यक्ष वंदना किरार सहित अन्य जनप्रतिनिधि मंचासीन थे।
जिले में चौथी तहसील होगी चीनौर
मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद ग्वालियर जिले में चीनौर को मिलाकर तहसीलों की संख्या चार हो जायेगी। वर्तमान में ग्वालियर गिर्द, डबरा और भितरवार तहसील अस्तित्व में हैं।