HomeNewsChhattisgarhBilaspur Bilaspur

वैन लूटने की कोशिश, दो मृत

रायगढ़. dead दो हथियारबंद लुटेरों ने शुक्रवार को दिनदहाड़े एक्सिस बैंक की कैश वैन पर धावा बोलकर 10 लाख रुपए लूटने की कोशिश की। फिल्मी अंदाज में हुई वारदात में बैंक के सिक्योरिटी गार्डो ने उनका डटकर मुकाबला किया। दोनों तरफ से हुई गोलीबारी में एक लुटेरे और कैश वैन के ड्राइवर की मौत हो गई। मौके से फरार हो गए दूसरे लुटेरे की तलाश की जा रही है। इलाके में यह अपनी तरह की पहली वारदात है।

दो हथियारबंद निजी सिक्योरिटी गार्डस के साथ एक्सिस बैंक के दो कर्मचारी सुबह 11.30 बजे सत्तीगुड़ी चौक के पास स्थित एलआईसी दफ्तर पहुंचे थे। यहां से उनको 10 लाख रुपए लेकर वापस बैंक लौटना था। बैंक की सूमो रामलीला मैदान में खड़ी थी। बैंक कर्मचारी रुपए से भरी पेटी सूमो में चढ़ा ही रहे थे कि किसी ने उन पर गोलियां दागना शुरू कर दिया। एक गोली गार्ड कमल गुप्ता के पैर में जा धंसी।

फायरिंग की आवाज सुनकर सूमो का चालक लालजीत वाहन से नीचे कूदा तो लुटेरों ने उसको निशाना बनाकर गोली चला दी, जो ड्राइवर की कमर में लगी। हमले से बदहवास एक्सिस बैंक का कर्मचारी पराग चौबे बैंक की तरफ भाग निकला। इसी बीच करीब पहुंच गए एक लुटेरे ने सुरक्षा गार्ड रमेश वर्मा पर पिस्तौल तान दी। साथी को बचाने के लिए सिक्योरिटी गार्ड अनिल सिंह ने लुटेरों पर गोलियां चलाना शुरू कर दिया। सिर में लगी गोली से एक लुटेरा मौके पर ही ढेर हो गया और दूसरे लुटेरे के पैर में गोली लगी। आंखों के सामने ढेर हो गए साथी और गार्डस को हावी होता देख दूसरा लुटेरा भाग खड़ा हुआ।

10-15 मिनट के अंदर पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई, लेकिन तब तक दूसरा लुटेरा गायब हो चुका था। गोलीबारी से पूरे इलाके में भगदड़ मच गई। घायल कमल गुप्ता और वाहन चालक लालजीत को पुलिस ने तुरंत किरोड़ीमल जिला अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान लालजीत की मौत हो गई। कमल का इलाज चल रहा है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। मारे गए लुटेरे की शिनाख्त नहीं हो पाई है।

कितने आरोपी साफ नहीं : बैंक की रकम लूटने की कोशिश में कितने लोग शामिल थे, यह अभी तक साफ नहीं हो पाया है। रामलीला मैदान तक लुटेरे किस तरह पहुंचे और कैसे भागे इस बारे में भी पुलिस अभी तक हवा में हाथ-पैर मार रही है। रायगढ़ शहर और आसपास के पूरे इलाके की नाकेबंदी कर फरार लुटेरे की तलाश की जा रही है। घायल गार्ड का कहना है कि दूसरा लुटेरा उसके सामने साइकिल पर भागा। दिनदहाड़े फायरिंग कर लूट की खबर मिलते ही घटनास्थल में लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। पुलिस को शक है कि लुटेरे दूसरे प्रांत से आए लोग हो सकते हैं।

आरोपियों की शिनाख्ती नहीं हो पाई है। शहर में कड़ी नाकेबंदी की गई है। बस स्टैंड, रलवे स्टेशन जैसी सार्वजनिक जगहों पर संदेहियों से पूछताछ की जा रही है। नगर से बाहर जाने वाले रास्तों पर चेकिंग जारी है। होटल व ढाबों में एक-दो दिनों में आकर रुके लोगों की सूची बनाई जा रही है। घटना सुबह के समय हुई है तो निश्चित ही आरोपी एक दिन पहले यहां आकर रुके होंगे। घटना की गंभीरता को देखते हुए 8 पुलिस अधिकारियों की टीम गठित की जा रही है।
-पंकज चंद्रा, सीएसपी





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: