HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

मंत्रालय में कर्मचारियों का प्रदर्शन

रायपुर. मंत्रालयीन कर्मचारी संघ 6 फीसदी डीए की मांग को लेकर अचानक उग्र हो गया। दर्जनों कर्मचारियों के साथ संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यसचिव शिवराज सिंह के कक्ष के सामने धरना दे दिया। इस हरकत से नाराज मुख्य सचिव ने प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

मंत्रालय में दोपहर करीब 3.30 बजे संघ के अध्यक्ष सुनील नारायणिया, सचिव कीर्तिवर्धन उपाध्याय, तीरथराम साहू आदि साथ लगभग 40-45 कर्मचारियों ने सीएस के कक्ष के सामने हंगामा शुरू कर दिया। वे 6 प्रतिशत डीए की मांग करने लगे।

उल्लेखनीय है कि इसी मांग को लेकर संघ ने सोमवार से मंत्रालय में कामकाज ठप करने की चेतावनी दे रखी है। अभी उन्हें 41 प्रतिशत डीए मिल रहा है। सीएस ने उन्हें लंबित डीए देने का आश्वासन दिया है। कर्मचारी चाहते थे कि श्री सिंह 31 जुलाई को रिटायर होने से पहले इसकी घोषणा कर दें। घटना के दौरान श्री सिंह अपने कक्ष में नहीं थे। हंगामे की सूचना मिलते ही सुरक्षा अधिकारी बल के साथ वहां पहुंचे। उनके साथ प्रदर्शनकारियों की कहा-सुनी भी हुई। काफी समझाइश के बाद प्रदर्शनकारी वहां से हटे।

बताते हैं कि मुख्य सचिव थोड़ी देर बार वहां पहुंचे और घटना पर काफी नाराजगी व्यक्त की। बताया गया कि उन्होंने सुरक्षा अधिकारी को प्रदर्शनकारियों पर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। खबर है कि उन्होंने घटना की रिपोर्ट आईजी वायकेएस ठाकुर को भेज दी है। इस बीच कर्मचारियों में इस चर्चा से हड़कंप है कि प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा अमले ने फोटो उतरवा ली। सीएस की नाराजगी से भी संघ के पदाधिकारियों में फूट के आसार हैं। एक तबका घटना को सही और दूसरा गलत बताता रहा।

6 फीसदी डीए की घोषणा शीघ्र
संकेत हैं कि कर्मचारियों को लंबित 6 प्रतिशत डीए की घोषणा जल्दी कर दी जाएगी। हालांकि अभी इसके आदेश नहीं हुए हैं। वर्तमान में कर्मचारियों को 41 फीसदी डीए दिया जा रहा है।

वित्त विभाग के अफसरों ने बताया कि डीए की घोषणा के बाद सरकार पर करीब 108 करोड़ रुपए का सालाना बोझ बढ़ जाएगा। माना जा रहा है कि विधानसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने के पहले रमन सरकार कर्मचारियों को छह प्रतिशत डीए का तोहफा दे सकती है। इधर, प्रदेश के पेंशनरों को जून से महंगाई राहत 41 प्रतिशत की दर से दी जा रही है। इससे सरकारी खजाने पर सालाना 44 करोड़ का आर्थिक बोझ बढ़ा है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: