भोपाल.
राज्य सरकार शीघ्र ही प्राथमिक शिक्षा से महरूम प्रदेश के 35 जिलों के 919 बसाहटों में सेटेलाइट स्कूल खोलेगी। हर स्कूल में एक शिक्षक के मान से इन स्कूलों के लिए संविदा शिक्षक वर्ग -तीन का पद भी निर्मित किया जा रहा है, जिनकी नियुक्ति आदिवासी विकास विभाग और लोक शिक्षण संचालनालय के द्वारा की जाएगी। मौजूदा शैक्षणिक सत्र से ही ये स्कूल शुरू हो जाएंगे।
स्कूल शिक्षा मंत्री जगन्नाथ सिंह ने शुक्रवार को मप्र शिक्षक संघ द्वारा गुरु पूर्णिमा के अवसर पर रवींद्र भवन में आयोजित प्रदेश स्तरीय शैक्षिक महासम्मेलन में यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि इन स्कूलों के शुरू होने से हर एक किलोमीटर के दायरे में प्राथमिक शिक्षा के बंदोबस्त का राज्य सरकार का इरादा भी हकीकत बन जाएगा। सरकार ने इन स्कूलों के लिए न्यूनतम 25 बच्चों की अनिवार्यता को भी घटाकर सिर्फ 10 बच्चों तक सीमित कर दिया है।
उन्होंने कहा कि इन सेटेलाइट स्कूलों में पहली से पांचवी तक क्लास लगेंगी। हर स्कूल में एक शिक्षक के हिसाब से संविदा शिक्षक वर्ग तीन का पद निर्मित किया जा रहा है। कुल चयनित 35 जिलों में 13 आदिवासी बहुल जिले हैं, जहां कुल 394 स्कूलों में संविदा शिक्षक वर्ग तीन की नियुक्तियां आदिवासी विकास विभाग के जरिए की जाएंगी। शेष 22 गैर आदिवासी जिलों के 525 स्कूलों में ये नियुक्तियां लोक शिक्षण संचालनालय करेगा।
शिक्षकों को महर्षि वेद व्यास पुरस्कार
शिक्षा व संस्कृति के क्षेत्र में श्रेष्ठ कार्य करने वाले प्रदेश के शिक्षकों को हर साल गुरुपूर्णिमा के अवसर पर एक लाख रुपए के महर्षि वेद व्यास राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा जाएगा। जो संस्कृति विभाग के स्वराज संस्थान संचालनालय द्वारा प्रदान किया जाएगा। यह घोषणा संस्कृति मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा ने महासम्मेलन में की। अध्यक्षता सांसद कैलाश जोशी ने की।
इस मौके पर वित्तमंत्री राघव जी ने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों की मांगों को लेकर संवेदनशील रही है। जिसके तहत शिक्षकों के वेतन में आशा से अधिक वृद्धि की गई है। कार्यक्रम को मध्यप्रदेश शिक्षक संघ की प्रांताध्यक्ष हेमलता जैन, पुरुषोत्तम चतुर्वेदी, डा. विमल प्रसाद अग्रवाल, ओमपाल सिंह व विजेंद्र भदौरिया आदि ने भी संबोधित किया।
हुआ दीपयज्ञ और संकीर्तन
एमपी नगर स्थित गायत्री शक्ति पीठ में सुबह अखंड जाप, यज्ञ व गुरू आचार्य रामशर्मा आचार्य की पूजा की गई। शाम को मंदिर परिसर में दीप यज्ञ, गुरु आह्वान व अन्य कार्यक्रम हुए। इस मौके पर संकीर्तन में बड़ी संख्या में गायत्री परिवार के लोग शामिल थे। बाद में मंगल आरती की गई।
रवींद्र भवन में मन्नत बाबा हनुतश्री की उपस्थिति में गुरु पर्व मनाया गया। इस अवसर पर बाबा का पाद प्रछालन किया गया। बाबा ने मन्नत परिवार की मासिक पत्रिका का विमोचन भी किया। बाल कलाकार वैशाली ने भजन प्रस्तुत किए। इसी तरह तुलसी नगर स्थित सत्य साई सेवा सदन में शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर समाज सेवी रंजीत भाई व सेवा केंद्र के भरत पमनानी आदि उपस्थित थे। इतवारा स्थित हित रसिक मंडली मंदिर में दिल्ली से पधारे राधा वल्लभ संप्रदाय के गुरु लालजी महाराज का शिष्यों ने सम्मान व पूजा की। इस अवसर पर चंद्र मोहन अग्रवाल व नवोदय अग्रवाल आदि उपस्थित थे।