अजमेर. राजस्थान लोक सेवा आयोग के माध्यम से 15 हजार सेकंड ग्रेड टीचर्स की भर्ती का रास्ता शुक्रवार को साफ हो गया है। राज्य सरकार ने सेवा नियमों में इंटरव्यू का प्रावधान समाप्त कर दिया है।
नए नियम पर राज्यपाल ने भी मोहर लगा दी है। उम्मीद की जा रही है कि अगले शनिवार तक आयोग आवेदन आमंत्रित करने के लिए विज्ञापन जारी कर देगा। राज्य सरकार ने नियमों में संशोधन कर नया कानून मंजूर करने के लिए राज्यपाल को भेजा था, जिसे शुक्रवार को मंजूर कर भेज दिया गया है।
नियमों में संशोधन को मंजूरी मिलते ही राज्य सरकार ने सेकंड ग्रेड टीचर्स की भर्ती प्रक्रिया तेज कर दी है और अगले एक दो दिन में ही आयोग को अभ्यर्थना प्राप्त हो जाएगी। आयोग सूत्रों के मुताबिक सरकार करीब 15 हजार शिक्षकों की अभ्यर्थना भेजने जा रही है।
राज्य सरकार ने सेकंड ग्रेड के ढाई हजार शिक्षकों की भर्ती के लिए करीब डेढ़ साल पहले राजस्थान लोकसेवा आयोग को अभ्यर्थना भेजी थी। इसमें इंटरव्यू का प्रावधान होने के कारण आयोग ने भर्ती करने से हाथ खड़े कर दिए थे।
आयोग एक पद के मुकाबले तीन अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए आमंत्रित करता है। ऐसे में ढाई हजार पदों के लिए साढ़े सात हजार से ज्यादा अभ्यर्थियों को बुलाना पड़ता, जिनके इंटरव्यू में एक साल का समय लगता। लिहाजा आयोग ने शिक्षा विभाग से सेवा नियमों में ही संशोधन कर इंटरव्यू का प्रावधान समाप्त करने के लिए कहा था।