अजमेर.
हिना कौसर खादिम कौम की पहली युवती है जिसने यूरोप की यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की और अब अंतरराष्ट्रीय मीडिया से जुड़ने जा रही है। इस उपलब्धि पर अंजुमन सैयदजादगान भी उसे सम्मानित करेगी। लंदन से उर्स में शरीक होने आई कौसर ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत की।
खादिम मोहल्ला निवासी सैयद मोहम्मद अली की बेटी हिना इन दिनों लंदन में तालीम हासिल कर रही हैं और कौम की लड़कियों के लिए प्रेरणा स्रोत बनी हुई है। कौसर का कहना है कि मुस्लिम समुदाय में लड़कियों की तालीम का प्रतिशत बहुत कम है, लेकिन यदि लड़की खुद हार्ड वर्क करे और पेरेंट्स का सपोर्ट मिले तो आला तालीम में बेहतर मुकाम बनाना नामुमकिन नहीं है।
बदलते परिवेश में पेरेंट्स को ब्रॉड माइंडेड होना पड़ेगा। सोफिया स्कूल से पास आउट कौसर ने लंदन स्थित मिडिल सेक्स यूनिवर्सिटी से क्रिएटिव मीडिया जर्नलिज्म में तीन साल का कोर्स इसी 12 जुलाई को कंपलीट किया है।
बीबीसी की एक महीने की वर्क एक्सपीरियंस वर्कशॉप में सफलता प्राप्त करने के बाद उन्हें बीबीसी से जॉब ऑफर भी मिला है। उन्हें लगभग 25 से 30 लाख रुपए सालाना पैकेज प्रारंभिक स्तर पर बीबीसी से जुड़ने पर मिलेगा। लंदन में द नेशन समाचार पत्र में ख्वाजा गरीब नवाज के जीवन व शिक्षाओं पर प्रकाशित उनके लेख को काफी प्रशंसा मिली।
अंजुमन करेगी सम्मानित
अंजुमन सदर सैयद गुलाम किबरिया चिश्ती ने कहा है कि उसे सम्मानित किया जाएगा। सचिव सैयद महमूद-उल-हसन चिश्ती ने भी कहा कि कौम की लड़कियों को आला तालीम हासिल करने में अंजुमन हर तरह से मदद करेगी। नायब सदर सैयद इकबाल चिश्ती ने कहा कि अंजुमन अब तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में आगे तालीम हासिल करने वाले विद्यार्थियों को भी वजीफा प्रदान करेगी।