श्रीडूंगरगढ़.
श्रीडूंगरगढ़ से बीकानेर की ओर सेसोमूं स्कूल के पास शुक्रवार रात जीप और ट्रक की आमने-सामने की भिड़ंत में चार जनों की मौत हो गई और एक जना घायल हो गया। घायल व्यक्ति को पीबीएम अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
श्रीडूंगरगढ़ थाने के एसएचओ इंद्रसिंह ने बताया कि शुक्रवार रात 10 बजे के करीब श्रीडूंगरगढ़ से एक बोलेरो गाड़ी बीकानेर के लिए रवाना हुई। सेसोमूं स्कूल के पास यह गाड़ी श्रीडूंगरगढ़ की ओर आ रहे एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि दोनों गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं बोलेरो में सवार लिखमादेसर निवासी ओमनाथ, रामकरणनाथ और ठुकरियासर निवासी रामप्रताप जाट की मौत हो गई।
इसके अलावा बोलेरो में सवार ठुकरियासर निवासी गंगाराम और श्रवणराम गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को बीकानेर रैफर किया गया लेकिन रास्ते में श्रवणराम ने भी दम तोड़ दिया। पीबीएम अस्पताल में भर्ती गंगाराम की हालत गंभीर बनी हुई है।
मृतकों के शव श्रीडूंगरगढ़ के अस्पताल में रखवाए गए हैं, जहां शनिवार को उनका पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। श्रीडूंगरगढ़ एसएचओ ने बताया कि बोलेरा गाड़ी को घूमचक्कर पर यातायात पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो चालक ने गाड़ी को भगा दिया। इस पर यातायात पुलिस की गाड़ी ने इसका पीछा किया लेकिन उसे सफलता नहीं मिल सकी। घूमचक्कर में भी यह गाड़ी वाहनों से टकराते हुए बची थी।