जोधपुर.
पूर्व उपराष्ट्रपति भैरोसिंह शेखावत व राज्यसभा में प्रतिपक्ष के नेता जसवंतसिंह की सिंह के जोधपुर स्थित फार्म हाउस पर करीब एक घंटे गुप्त मंत्रणा हुई। उनकी इस मंत्रणा को आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इधर, मुख्यमंत्री खेमे में इन दोनों नेताओं की बढ़ती नजदीकियों पर पूरी नजर रखी जा रही है।
शेखावत दिल्ली से सुबह करीब साढ़े नौ बजे जसवंतसिंह के साथ चार्टर प्लेन से जोधपुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर सांसद जसवंतसिंह विश्नोई के अलावा एक भी भाजपा नेता शेखावत को रिसीव करने नहीं पहुंचा। वे एयरपोर्ट से सर्किट हाउस आ गए और जसवंतसिंह अपने फार्म हाउस चले गए। शेखावत सर्किट हाउस में कुछ देर आराम करने के बाद वहां पहुंचे जसवंतसिंह के साथ बाला गांव गए।
वहां से दोपहर करीब 2.45 बजे लौटने के बाद शेखावत ने सर्किट हाउस में लंच लिया और सांसद जसवंतसिंह, राज्यसभा सदस्य नारायणसिंह माणकलाव व जिला प्रमुख अमिता चौधरी के साथ बातचीत करने लगे। शेखावत अपरान्ह 3.45 बजे सर्किट हाउस से रवाना होकर एयरपोर्ट के पास स्थित जसवंतसिंह के फार्म हाउस पहुंचे। वहां करीब एक घंटा शेखावत व जसवंतसिंह के बीच बंद कमरे में बातचीत हुई।
इस दौरान वहां मुख्यमंत्री को पोस्टर में देवी दर्शाने पर विरोध जताने वाली जसवंतसिंह की पत्नी श्रीमती शीतल कंवर भी मौजूद थी। राजनीतिक गलियारों में इन दोनों नेताओं की मंत्रणा को विधानसभा चुनावों के लिए खास रणनीति तय करना माना जा रहा है।
बाद में पत्रकारों इस मंत्रणा के बारे में जब शेखावत से पूछा, तो वे हंसकर बात टाल गए। दूसरी ओर मुख्यमंत्री खेमे के नेताओं में उनकी इस यात्रा से लेकर मंत्रणा तक के बारे में पल-पल की खबर जानने की उत्सुकता बनी रही। शेखावत शाम पांच बजे जसवंतसिंह के साथ चार्टर प्लेन से वापस दिल्ली लौट गए।