Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood
हॉलीवुड के एक्शन हीरो सिल्वेस्टर स्टेलॉन और बॉलीवुड के एक्शन हीरो अक्षय कुमार को एक साथ देखने का मौका निर्माता साजिद नाडियाडवाला भारतीय दर्शकों को दे रहे हैं। फिल्म से जुड़े सूत्र ने बताया कि सिल्वेस्टर के साथ शूटिंग करने के लिए साजिद ने अच्छी-खासी रकम खर्च की है। अक्षय और सिल्वेस्टर के सीन्स की हॉलीवुड के यूनिवर्सल स्टूडियो में शूटिंग की जा रही है।
साजिद ने पिछले दिनों ‘कम्बख्त इश्क’ की घोषणा की थी। इस फिल्म में उन्होंने अक्षय और करीना की जोड़ी बनाई है। फिल्म में वे सिल्वेस्टर को भी अक्षय के साथ ला रहे हैं। फिल्म से जुड़े सूत्र ने बताया कि सिल्वेस्टर के एजेंट की सारी शर्ते साजिद ने मान लीं। हालांकि साजिद शूटिंग के लिए हॉलीवुड हीरो को मुंबई लाना चाहते थे, लेकिन सिल्वेस्टर इसके लिए तैयार नहीं थे। उन्होंने शर्त रखी थी कि वह फिल्म की शूटिंग हॉलीवुड में ही करेंगे, इसलिए सिल्वेस्टर को मोटी राशि देने के साथ ही हॉलीवुड के मशहूर यूनिवर्सल स्टूडियो को शूटिंग के लिए बुक किया गया। इसके लिए भी मोटी रकम खर्च की गई। पिछले तीन दिनों से यूनिवर्सल स्टूडियो में अक्षय और सिल्वेस्टर पर कुछ शॉट्स फिल्माए जा रहे हैं।
अक्षय के साथ उनकी पत्नी ट्विंकल और बेटा अरव भी हैं। बताया जाता है कि सिल्वेस्टर और अक्षय में अब अच्छी दोस्ती हो गई है। सिल्वेस्टर के किरदार के बारे में पूछने पर सूत्र ने कहा- इस बारे में मैं कोई जानकारी नहीं दे सकता, क्योंकि यह फिल्म का सरप्राइज हिस्सा है। अक्षय ने बताया कि सिल्वेस्टर के साथ काम करने का उनका सपना इस फिल्म से पूरा हो रहा है। सिल्वेस्टर फिल्म में सिर्फ दर्शन नहीं दे रहे हैं, बल्कि उनके साथ मेरे कुछ अच्छे दृश्य भी हैं। हमारी शूटिंग अब लगभग खत्म हो गई है और मैं यहां से ‘अनफॉर्गेटेबल’ टूर में हिस्सा लेने टोरंटो जा रहा हूं। मेरा परिवार भी इस दौरान साथ होगा।