Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood इस फिल्म के जरिये दर्शकों को अमिताभ और मल्लिका को साथ देखने का मौका मिलने वाला था, लेकिन ‘बिग बी’ की डेट्स की समस्या के कारण यह नहीं हो पाया। अब अमिताभ की जगह इरफान को लिया गया है। हॉलीवुड की निर्देशिका जेनिफर लिंच इस फिल्म में मल्लिका को नागिन बनाकर पेश कर रही हैं।
फिल्म से जुड़े सूत्र ने बताया कि जेनिफर की इस फिल्म में मल्लिका की मदद करने वाले डिटेक्टिव के किरदार के लिए अमिताभ को लेने की योजना बनाई गई थी। लिंच ने इस बारे में अमिताभ के मैनेजर से भी बात की थी। अमिताभ ने प्रस्ताव सुना, लेकिन डेट्स की समस्या के चलते फिल्म करने से मना कर दिया। लिंच को जो डेट्स चाहिए थीं, वे अमिताभ के पास नहीं हैं। इसके अलावा ‘शहंशाह’ इस समय अपने वर्ल्ड टूर में भी व्यस्त हैं।
डेट्स की समस्या न सुलझते देखकर लिंच ने ऐसे अभिनेता की तलाश शुरू की जो विदेश में भी अपनी जगह बना चुका हो। कई नामों पर विचार के बाद उन्होंने इरफान का नाम तय किया। इरफान को जब उन्होंने स्क्रिप्ट और किरदार सुनाया तो वे तुरंत ही काम करने के लिए तैयार हो गए। इरफान के आने से लिंच भी बेहद खुश हैं।
उनका कहना है कि जो होता है, अच्छे के लिए ही होता है। इरफान बहुत ही अच्छे अभिनेता हैं और विदेशों में भी अपना सिक्का जमा चुके हैं। इरफान से संपर्क करने पर उन्होंने कहा कि मुझे पता नहीं था कि मेरे पहले अमिताभ को लेने की बात हो रही थी। अगर अमितजी की जगह मुझे लिया है तो यह मेरे लिए गौरव की बात है। मैं इतना ही कहूंगा कि ‘दाने-दाने पर लिखा है खाने वाले का नाम’।