मुंबई.
बॉलीवुड अभिनेत्रियों से रोमांस हो या फिर ‘बीच’ की नाइट लाइफ पार्टियां, आक्रामक बल्लेबाज युवराज सिंह हमेशा आगे रहते हैं। विज्ञापनों, पार्टियों, नाइट लाइफ में बिजी रहने के चलते वनडे में टीम इंडिया के इस उप-कप्तान कीपरफॉर्म्ेस भी प्रभावित हुई है। एक मैग्जीन को दिए इंटरव्यू में युवी ने सारे आरोपों को खुलकर स्वीकारा और अपना पक्ष रखा है।
युवी ने माना है कि बॉलीवुड एक्ट्रेस किम शर्मा से उनका प्रेम संबंध चार साल तक चला, फिर उनकी जिंदगी में दीपिका पादुकोण ने दस्तक दी। ये दोस्ती ज्यादा नहीं चली। दीपिका से ब्रेकअप के बाद उन्हें ऐसी युवती की तलाश है जिससे उनका संबंध स्थायी बन सके।
युवी का कहना था कि वह किम ही थी जिसने उन्हें व्यवहार कुशल बनाया। ड्रेस अप कैसा हो, यह भी बताया। गुस्से पर कंट्रोल भी किम ने ही सिखाया। युवी ने कहा, सही दोस्ती तो यही है कि मेरी पब्लिक इमेज का ध्यान रखा जाए। मैं मैदान में अच्छे से अच्छा प्रदर्शन कर सकूं इसके लिए प्रोत्साहित किया जाए। किम से ब्रेकअप के कारण तो युवी नहीं बता पाए अलबत्ता उन्होंने यह जरूर कहा, किम के बाद दीपिका से उनकी दोस्ती की पारी संक्षिप्त रही। उनका कहना था यदि कोई आपसे दूर होना चाहता है तो कैसे रोका जा सकता है।
हां, अब मैं ऐसी युवती से संबंध बनाना चाहता हूं जिसमें स्थायित्व हो।
जारी रहेगी नाइट लाइफ :
युवी ने कहा कि आठ साल से मैं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में हूं। नाइट पार्टी का मेरे खेल पर कभी असर नहीं पड़ा है। मेरी नाइट पार्टी जारी रहेगी क्योंकि मुझे उसमें कोई बुराई नहीं नजर आती।
कप्तानी न मिलने का दुख युवी के मन में टीम इंडिया का कप्तान न बन पाने का दुख भी है। वे चाहते हैं कि कभी न कभी वे कप्तान बनें। उन्होंने कहा, जब राहुल द्रविड़ ने कप्तानी छोड़ी तो मैं उपकप्तान था और मेरा मैदानी प्रदर्शन भी बढ़िया था। अफसोस तब कप्तान नहीं बन सका। वर्तमान में धोनी अच्छे कप्तान साबित हो रहे हैं, वे मेरे अभिन्न मित्र हैं इसलिए मैं कप्तानी की नहीं सोच रहा। हां, पहले कप्तानी से चूक जाने का दु:ख जरूर है।