डबवाली (हरियाणा)/चंडीगढ़.डेरा सच्च सौदा समर्थकों और सिख समुदाय के बीच शुक्रवार को डबवाली में हुई झड़पों में एक युवक की मौत के बाद हालात दूसरे दिन भी तनावपूर्ण बने हुए हैं। शनिवार को कफ्यरू में कुछ देर के लिए ढील देने के बाद हिंसा प्रभावित क्षेत्रों में दोबारा कफ्यरू लगा दिया गया। हालांकि ढील के दौरान कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है। इस बीच, झड़पों में मारे गए हरमंदर सिंह (25) का शनिवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया।
डबवाली में हुई हिंसा के विरोध में सिख समुदाय द्वारा राज्यव्यापी बंद के आह्वान का शनिवार को हरियाणा और इसकी सीमा से लगे पंजाब के कुछ शहरों में असर देखा गया। स्कूल, कॉलेज, बाजार बंद रहे। सिरसा के डिप्टी कमिश्नर वी उमाशंकर ने बताया कि डबवाली, रतिया, इलानाबाद और कालियांवाला में सेना ने फ्लैग मार्च किया। प्रभावित इलाकोंमें रैपिड एक्शन फोर्स और पुलिस की तैनाती के कारण हालांत नियंत्रण में रहे। गौरतलब है कि गुकानवाली गांव में सिख समुदाय के कुछ लोगों ने शुक्रवार रात को डेरा के नामचर्चा आश्रम में आग लगा दी थी। अधिकारियों के अनुसार बठिंडा, फगवाड़ा, कपूरथला, मुक्तसर, मोगा और अन्य स्थानों पर स्थिति तनावपूर्ण, लेकिन नियंत्रण में है।
पंजाब-हरियाणा में 23 को बंद :
उधर, दमदमी टकसाल के प्रमुख हरनाम सिंह खालसा ने 23 जुलाई को पंजाब और हरियाणा बंद का आह्वान किया है। उन्होंने डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए सिख व अन्य समुदाय से बंद को सफल बनाने की अपील की है।