HomeNewsMetrosIndore Indore

प्रत्याशी घोषित कर,जिता भी दिया

इंदौर. भाजपा के विधानसभा क्षेत्र-तीन के कार्यकर्ता सम्मेलन में लोनिवि मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने यह कहकर चौंका दिया कि गोपीजी आप यहां से जीतेंगे ही। यह सुन पूर्व विधायक गोपीकृष्ण नेमा हाथ जोड़कर अभिवादन करने लगे और मंच से नीचे तक खुसर-पुसर शुरू हो गई।

चुनाव के पहले कार्यकर्ताओं की खोज-खबर लेने के लिए शनिवार से भाजपा ने विधानसभावार कार्यकर्ता सम्मेलनों की शुरुआत की। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विक्रम वर्मा की मौजूदगी में पहला शिविर क्षेत्र-तीन में हुआ, जहां पार्टी लगातार दो चुनावों से हार रही है।

सम्मेलन में टिकट दावेदारों के बीच खासी होड़ नजर आई। हालांकि दो घंटे देरी से शुरू होने के बाद भी कार्यकर्ताओं की अपेक्षित भीड़ नहीं थी। इस पर कुछ नेता चिंतित थे और कुछ की सफाई थी हारी हुई सीट है। साढ़े चार साल से कोई सरपरस्त ही नहीं था।

कार्यक्रम में जनसंघ के जमाने से काम कर रहे कार्यकर्ताओं का अभिनंदन भी किया गया। खादी ग्रामोद्योग बोर्ड अध्यक्ष सत्यनारायण सत्तन, भंवरसिंह शेखावत, सुदर्शन गुप्ता, रमेश मेंदोला, ललित पोरवाल ने भी संबोधित किया। महापौर डॉ. उमाशशि शर्मा, विधायक महेंद्र हार्डिया, आलोक दुबे, सुमित मिश्रा, हरीश डागुर, राजकुमार शर्मा, परमानंद राठौर भी मौजूद थे। संचालन दिनेश वर्मा ने, स्वागत भाषण हरप्रीत बक्षी ने तथा आभार रामदास गर्ग ने माना।

अटलजी की सरकार बनाना है
श्री विजयवर्गीय केंद्र की आलोचना और एनडीए सरकार की तारीफ करते हुए कह बैठे केंद्र में अटलजी की सरकार बनाना है। बाद में गलती सुधारी और आडवाणी की सरकार बनवाने की बात कही।

अरबपतियों की चिंता कर रही केंद्र सरकार
लोनिवि मंत्री श्री विजयवर्गीय ने कहा देश का दुर्भाग्य है सांसदों की खरीद-फरोख्त हो रही है। कुर्सी बचाने के लिए केंद्र सरकार अरबपतियों की गोद में बैठी है। क्षेत्र-तीन में इस बार बड़ी चुनौती है।

समापन वाले अतिथि पहले आ गए
घोषित कार्यक्रम के अनुसार श्री विजयवर्गीय सुबह 11 बजे उद्घाटन और श्री वर्मा दोपहर 3.30 बजे समापन करने वाले थे। हुआ उल्टा श्री वर्मा 1 बजे पहुंच गए और कार्यक्रम की अनौपचारिक शुरुआत हो गई। श्री विजयवर्गीय इसके बाद पहुंचे।

परिसीमन का चक्कर : कार्यक्रम में मौजूद क्षेत्र एक व दो के कार्यकर्ताओं को देख अतिथि भी असमंजस में थे। बाद में पता चला परिसीमन में इन दोनों क्षेत्र के कुछ वार्ड क्षेत्र-तीन में आ गए हैं।

मोदी फामरूला टिकट काटने का नहीं : संवाददाताओं से चर्चा में श्री वर्मा ने कहा मोदी फामरूला टिकट काटने का नहीं बल्कि विकास का है। चुनाव समिति की बैठक अब तक नहीं हुई है इसलिए किनके टिकट कटेंगे और किन्हें मिलेंगे, नहीं कह सकते। जिन लोकसभा क्षेत्रों में पार्टी हारी है और एक ही उम्मीदवार है,उनके टिकट घोषित कर दिए हैं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: