द न्यू बुक.
कोमल की हालिया किताब सेहत को ध्यान में रखते हुए शहद पर लिखी गई है। शहद को तो वैसे ही अमृत कहते हैं, इसलिए ये किताब और ज्यादा खास हो जाती है। पिछले दिनों उनकी इस किताब का अनावरण उन बिग बी यानी अमिताभ बच्चन के हाथों हुआ, जो खुद सेहत को लेकर काफी सजग हैं। इस शुरुआत को ही कोमल किताब की सफलता की पहली सीढ़ी मानती हैं।
कोमल का कहना है कि कुक बुक होने की वजह से इसे खान-पान के शौकीन लोग ज्यादा पसंद करेंगे। वैसे भी जब ये बुक सेहत को ध्यान में रखकर लिखी गई हो तो और ज्यादा कीमती हो जाती है, साथ ही कई लोगों का जुड़ाव इससे बढ़ जाता है। चूंकि शहद सेहत और स्वाद दोनों में बढ़िया है, इसलिए इस बुक के बच्चों और बूढ़ों समेत सभी वर्ग को ज्यादा पसंद आने की उम्मीद है। इससे पहले कोमल गर्भवती महिलाओं और कामोत्तेजना को लक्ष्य बनाकर किताबें लिख चुकी हैं।
कोमल कुछ हद तक इन्हें अपनी पसंद के अनुरूप लिखने की बात स्वीकारती हैं। मजेदार बात ये है कि कोमल ने किसी कुकिंग स्कूल से फॉर्मल ट्रेनिंग नहीं ली है। बस शौकिया पकाने के साथ ही उन्होंने लिखने का काम जारी रखा। पिताजी उन्हें डॉक्टर बनाना चाहते थे लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। बेटों और परिवार के बीच कम समय निकाल पाने के बाद भी वे किचन को अपना मंदिर मानती हैं। अपने शौक को परवान चढ़ाने के लिए कोमल कुकिंग एकेडमी खोलना चाहती हैं, जिससे दूसरे भी इस हुनर को सीख सकें।