HomeNewsMetrosBhopal Bhopal

कांग्रेस कोमा में चली गई

भोपाल. प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद गुफरान आजम ने कहा है कि राज्य में कांग्रेस पार्टी कोमा में चली गई है और अगर ऐसा ही हाल रहा तो यह पार्टी चुनाव नहीं जीत पाएगी। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पार्टी को बपौती समझ बैठी हैं।

कांग्रेस नेता श्री गुफरान आजम ने शनिवार को अपने निवास पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए बताया कि उन्होंने श्रीमती गांधी को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि जिन नेताओं को एकता का संदेश देकर विधानसभा चुनाव की जिम्मेदारी दी गई है, उनमें 22 नेता थे, ये पांच-पांच विधानसभा सीटें जिताने की जवाबदारी लेते हैं तो कांग्रेस सदस्यों की संख्या 110 हो जाएगी। चूंकि सरकार बनाने के लिए 116 सदस्यों की जरूरत होगी तो ऐसे समय में मुझे कांग्रेस कार्यकर्ता के नाते दायित्व दिया जा सकता।

प्रदेश कांग्रेस में जागीरदार प्रथा पर चिंता जाहिर करते हुए श्री आजम ने कहा कि आखिरी वक्त तक कोशिश करूंगा कि कांग्रेस पार्टी सुधर जाए।

अभी थका और हारा नहीं हूं। एक बार पार्टी अध्यक्ष श्रीमती गांधी से मिलकर उन्हें सारी स्थितियों से अवगत करूंगा। वहां सुनवाई नहीं होने पर पार्टी छोड़ने पर विचार कर सकता हूं। वैसे तो श्रीमती गांधी को अब तक अलग-अलग विषयों पर पत्र लिख चुका हूं, लेकिन एक भी पत्र का जवाब नहीं मिला है।

सिर्फ केन्द्रीय मानव संसाधन मंत्री अजरुनसिंह ने ही पत्र का जवाब दिया है। कांग्रेस पार्टी से नाता तोड़ने संबंधी सवाल पर उन्होंने कहा कि अब कार्यकर्ता धैर्य का परिचय नहीं देगा, क्योंकि विकल्प अब मौजूद हैं। कांग्रेस से मोहभंग हो रहा है। भाजपा से भी परहेज नहीं है, अगर भाजपा अल्पसंख्यक के प्रति रुख बदल दे तो साथ जाने में कोई आपत्ति नहीं है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: