bhaskar Web English
HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

प्लेसमेंट से बनेगा माहौल : मृणाल

रायपुर. hockey भारतीय जूनियर हाकी टीम के गोलकीपर मृणाल चौबे का मानना है कि यहां हाकी को बढ़ावा देने के लिए स्थानीय खिलाड़ियों के प्लेसमेंट पर विशेष ध्यान देना होगा। इससे राज्य में खेल का माहौल बनेगा।

हरियाणा सरकार वर्तमान में हाकी खिलाड़ियों को डीएसपी रैंक तक की नौकरी दे रही है। अन्य राज्य भी इस मामले में आगे हैं। इस तरह भविष्य दिखने से नए खिलाड़ी भी हाकी की ओर आकर्षित होंगे। छत्तीसगढ़ में इस तरह की सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। सरकार को ध्यान देना चाहिए।

जूनियर एशिया हाकी कप जीतकर लौटने के बाद छत्तीसगढ़ के मृणाल ने आज पत्रकारों से बातचीत में कहा कि हाकी में मैं अभी घुटने के बल चल रहा हूं। मुझे तो अभी दोनों पैरों पर खड़ा होना है, जो राज्य सरकार व लोगों के सहयोग से संभव हो पाएगा। उन्होंने कहा कि विनर टीम का सदस्य होना मेरे लिए किसी रोमांच से कम नहीं था।

एशिया कप में खेलने से काफी सीखने को मिला। मृणाल ने कहा कि दक्षिण कोरिया के खिलाफ फाइनल मैच में गोलकीपर और फारवर्ड दोनों पोजीशन में खेल का प्रदर्शन किया। पहले मैं गोलकीपर के रूप में खेल रहा था, फिर टीम के कोच ने मुझे फारवर्ड पोजीशन पर उतारा। मैच के दौरान टीम के गोलकीपर को चोट लगने पर फिर मुझे गोलकीपिंग करनी पड़ी। यह मेरे लिए यादगार मैच था।

बोले खेल संघों के पदाधिकारी
छत्तीसगढ़ ओलिंपिक संघ के अध्यक्ष डा. अनिल वर्मा ने कहा है कि यह उनकी उपलब्धि की पहली सीढ़ी है। उन्हें आगे भारतीय टीम का नेतृत्व कर ओलिंपिक पदक लाना है। महिला हाकी संघ के संरक्षक विधान मिश्रा ने कहा कि जूनियर एशिया कप में मृणाल ने फारवर्ड व गोलकीपर के रूप में हरफनमौला प्रदर्शन कर भारतीय टीम को स्वर्ण दिलाया। मृणाल की उपलब्धि किसी भी मायने में ओलिंपिक से कम नहीं है। हम मुख्यमंत्री से मृणाल को पुरस्कार देने की मांग करेंगे।

छत्तीसगढ़ हाकी संघ के सचिव सुशील मुथा ने कहा कि यह प्रदेश के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि है। पहली बार जूनियर भारतीय टीम में प्रदेश के खिलाड़ी ने प्रतिनिधित्व किया।

छग महिला संघ के कोषाध्यक्ष नौमान अकरम ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि इस बड़ी उपलब्धि पर अन्य राज्यों की तरह छत्तीसगढ़ सरकार को उनके लिए कोई बड़ी घोषणा करना चाहिए। जिससे खिलाड़ी प्रोत्साहित हो।

राजधानी में स्वागत

हैदराबाद में आयोजित एशिया कप जूनियर हाकी स्पर्धा के बाद मृणाल शाम 5 बजे विमान से रायपुर आए। अपने गृहनगर राजनांदगांव जाने से पहले राजधानी में खेलप्रेमियों ने उनका स्वागत किया। विमानतल पर स्वागत के बाद उन्हें खुली जीप में शहर घुमाया गया। गौरतलब है कि एयरमैन बेस्टियन के बाद मृणाल राजनांदगांव के दूसरे खिलाड़ी है, जो भारतीय हाकी टीम के सदस्य हैं।

माना से लौटते समय मृणाल ने खेल मंत्री बृजमोहन अग्रवाल से उनके निवास पर मुलाकात की। श्री अग्रवाल ने उनकी उपलब्धि पर उन्हें गुलदस्ता भेंटकर अपनी शुभकामनाएं दीं। श्री अग्रवाल ने कहा कि मृणाल प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि है, लेकिन मंजिल अभी दूर है।

एयरपोर्ट में स्वागत करने वालों में पूर्व केंद्रीय मंत्री विद्याचरण शुक्ल, ओलिंपिक संघ के अध्यक्ष डा. अनिल वर्मा, राजेंद्र डेकाटे, दादा कृष्णा प्रसाद चौबे व पिता शिवा चौबे समेत अन्य खिलाड़ी उपस्थित थे। मृणाल की उपलब्धि पर मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने फोन से उन्हें बधाई दी। क्रिकेट संघ के बल्देवसिंह भाटिया ने कहा कि मृणाल की उपलब्धि प्रदेश के लिए गौरव की बात है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: